प्रयागराज (राजेश सिंह)। जमीन केर विवाद में शनिवार सुबह माफिया अतीक के गुर्गों ने फल विक्रेता विनोद सिंह को गोली मार दी। हमलावरों ने विनोद के भाई और एक वकील पर भी फायर झोंका। घायल विनोद का सीएचसी भगवतपुर में इलाज चल रहा है।
एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के देवघाट झलवा निवासी विनोद सिंह फल की दुकान चलाते हैं। उनके पिता बनारसी की देवघाट में ही करीब 15 बिस्वा जमीन है। शनिवार सुबह विनोद सिंह उस जमीन पर निर्माण कार्य करवा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार बदमाश आए और विनोद को गोली मार दी।
पेट के पास गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े तो भाई और एक अधिवक्ता हमलावरों की ओर बढ़े। लेकिन तब तक बदमाशों ने उन पर भी फायर झोंक दिया और भाग निकले। घायल विनोद को काल्विन अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।
इसके बाद भगवतपुर सीएससी रेफर कर दिया। पीड़ित का यह भी आरोप है कि धमकी मिलने पर पुलिस से शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। चौकी इंचार्ज पीपलगांव राहुल सिंह का कहना है कि जमीन के विवाद में घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
