मुख्य गेट समेत 11 कमरे के ताला चटकाए
प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर के हंडिया कोतवाली के बरौत चौकी अंतर्गत ग्राम सभा टेला पूर्वी में गंगाराम सिंह के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे सहित 11 कमरे का दरवाजा तोड़कर घटना को अंजाम दिया। चोरी गए सामान में गहने, बर्तन और घर के कीमती सामान शामिल हैं। घर के अंदर पड़े लाइसेंसी बंदूक को चोरों ने छोड़ दिया। चोरी गए सामानों का मूल्य कितना है इसका सही आंकड़ा सामने नहीं आया है। परिजनों के आने के बाद ही सही स्थिति पता चल सकेगी। टेला पूर्वी गांव निवासी गंगाराम सिंह का पूरा परिवार बंगलूरू और कोयंबटूर में रहता है। घर पर बुजुर्ग मकान मालिक गंगाराम सिंह और उनकी पत्नी रहती हैं। करीब एक माह पहले बुजुर्ग दंपती भी इलाज कराने के लिए बंगलूरू अपने पुत्र के यहां चले गए थे। पूरे मकान में ताला लगा था। शुक्रवार की रात चोर लोहे के मेन गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर घुस गए। सभी कमरों का ताला तोड़कर गहने और कीमती सामान उठा ले गए। पड़ोस में रहने वाले लोगों ने घटना की जानकारी मकान मालिक और उनके पुत्रों को दे दी है। पीड़ित गंगाराम सिंह के चचेरे सुपौत्र रजनीश सिंह ने बताया कि उनके घर के ठीक सामने दादा जी का घर है। सुबह उनके मेंन गेट का ताला टूटा हुआ दिखा तो आशंका हुई। जब घर के अंदर में गए तो सभी रूम का ताला टूटा देख अवाक रह गया। उसके बाद 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल कर वापस चली गई। गंगाराम सिंह के पुत्र रामअनुज सिंह ने फोन पर बताया कि जांच करने पहुंचे चौकी इंचार्ज बरौत लाइसेंसी बंदूक अपने साथ ले गए हैं। चोरी गए सामान की कीमत कितनी है इसका अनुमान अभी परिजन नहीं लगा पा रहे हैं।