मेजा, प्रयागराज (श्रीकान्त यादव)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं, जिसके मद्देनजर समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में, सपा नेता कुंवर सिंह यादव ने मेजा विधानसभा क्षेत्र के हनुमानगढ़ चौराहे पर पार्टी का एक क्षेत्रीय कार्यालय खोला है।
दरी (अहिरन का पूरा) गांव निवासी कुंवर सिंह यादव ने कहा कि इस कार्यालय का उद्देश्य क्षेत्र में समाजवाद को बढ़ावा देना और पार्टी को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि वह पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी विधानसभा 'चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कुंवर सिंह यादव ने बताया कि इस क्षेत्रीय कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ नियमित बैठकें आयोजित कर पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा। इस कार्यालय का उद्घाटन मेजा के विधायक संदीप सिंह पटेल ने किया था। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल भी कार्यालय का दौरा कर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का मनोबल बढ़ा चुके हैं।
सपा नेता कुंवर सिंह यादव ने समाजवाद को परिभाषित करते हुए कहा कि इसका अर्थ समाज के सभी वर्गों को एक साथ लेकर चलना है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की नीतियों की सराहना की।