Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

विवाहिता ने फांसी लगा की आत्महत्या, लगा दहेज उत्पीड़न के आरोप, पति-देवर गिरफ्तार



प्रयागराज (राजेश सिंह)। यमुनानगर अंतर्गत करछना थाना क्षेत्र के जगौती गांव में शनिवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति और देवर को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका की पहचान नंदिनी पटेल (25) पत्नी धनंजय कुमार पटेल, निवासी जगौती, करछना के रूप में हुई है। नंदिनी मूल रूप से मेजा थाना क्षेत्र के ममोली गांव की रहने वाली थी। उसका विवाह पांच साल पहले धनंजय से प्रेम विवाह के रूप में हुआ था, जिसमें दोनों परिवारों की सहमति थी।

परिजनों के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद ही नंदिनी को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। उसने कई बार अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दी थी। मायके पक्ष ने कई बार सुलह-समझौते की कोशिश की, लेकिन हालात नहीं सुधरे।

करीब डेढ़ साल पहले नंदिनी ने एक बेटे को जन्म दिया, इसके बावजूद ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला। आरोप है कि पति धनंजय, उसके माता-पिता और भाई उसे लगातार दहेज के लिए ताने देते और मारपीट करते थे।

परिजनों ने बताया कि 30 अक्टूबर को पति और परिवारवालों ने नंदिनी के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था, जिसकी शिकायत करछना थाने में दर्ज कराई गई थी। इसके कुछ दिन बाद ही शनिवार को उसका शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला।

पुलिस ने सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता रामप्रवेश पटेल की तहरीर पर पति धनंजय समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।

थाना प्रभारी करछना ने बताया कि पति और देवर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad