प्रयागराज (राजेश सिंह)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोली मारने की धमकी देने के आरोपित मनीष दुबे पकड़ लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसके यहां बरजी गांव में खलबली मच गई। पहले तो गांव वालों को कुछ समझ में नहीं आया लेकिन जब हकीकत पता चली तो चर्चा होने लगी।
आरोपित कई वर्षों से लखनऊ में रह रहा है
सोरांव पुलिस भी आरोपित और उसके परिवार से जुड़ी जानकारी खंगाल रही है। शुरुआती छानबीन में पता चला है कि भारतीय किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष बबलू दुबे का छोटा भाई मनीष है, जो कई वर्षों से लखनऊ में रह रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सोरांव थाना क्षेत्र के बरजी गांव निवासी दयाराम दुबे का बेटा मनीष दुबे करीब 10 वर्षों से लखनऊ में रहकर टेंट का काम करता है। गांव में उसका बड़ा भाई बबलू सहित कई अन्य लोग रहते हैं। बुधवार को बाराबंकी जिले की पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम गांव पहुंची तो ग्रामीणों में खलबली मच गई।
सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हुईं
कहा गया कि दो नवंबर को मनीष ने डायल-112 पर बाराबंकी पुलिस को काल करके मुख्यमंत्री को गोली मारने की धमकी दी थी। मामले में बाराबंकी जिले में मुकदमा लिखा गया है। मुख्यमंत्री से मामला जुड़ा होने के कारण पुलिस के साथ ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। मोबाइल नंबर के आधार पर धमकाने वाले की लोकेशन ट्रेस करते हुए उसे दबोच लिया गया। सोरांव पुलिस भी गांव पहुंची और पूछताछ करते हुए कई जानकारी ली।