गणित के लिए सिर्फ एक दिन का गैप, 23 दिन चलेगी परीक्षा; जानिए पूरा टाइमटेबल
प्रयागराज (राजेश सिंह)। यूपी बोर्ड यानी उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शिक्षा सत्र 2026 के लिए 10वीं और 12वीं की परीक्षा की तारीखें जारी कर दी है। हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक चलेंगी।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में पहले दिन हिंदी विषय की परीक्षा होगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली का समय सुबह 8.30 से 11.45 बजे तक है, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा का समय दोपहर बाद 2.00 बजे से शाम 5.15 बजे है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बुधवार शाम परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया। हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में 27, 50, 843 परीक्षार्थी हैं। इंटरमीडिएट में 24,79,352 परीक्षार्थी हैं। कुल 52.30 स्टूडेंट्स परीक्षा में शामिल होंगे। पिछले बार यानी 2025 की तुलना में इस बार करीब दो लाख से ज्यादा परीक्षार्थियों की कमी देखने को मिली है।
हाई स्कूल के बढ़े परीक्षार्थी, इंटर में आई कमी
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 12वीं की परीक्षार्थियों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है। 2025 में हुई इंटर की परीक्षा में 27,05,009 छात्रों ने परीक्षा दी थी। वहीं, इस साल इनकी संख्या घटकर 24,79,352 ही रह गई है। इसमें 2,25,657 परीक्षार्थियों की कमी देखने को मिली है।
वहीं, हाई स्कूल में इस बार परीक्षार्थियों की संख्या में 18,780 छात्रों की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके कारण परीक्षा केंद्रों की संख्या भी कम हो सकती है।
हाईस्कूलः पहला पेपर हिंदी, आखिरी एग्रीकल्चर
10वीं की बोर्ड परीक्षा में बुधवार, 18 फरवरी को हिंदी विषय के साथ शुरू होगी। प्रमुख विषयों में हिंदी के बाद सामाजिक विज्ञान (सोशल साइंस) की परीक्षा शुक्रवार 20 फरवरी 2026 को, अंग्रेजी की परीक्षा सोमवार 23 फरवरी, विज्ञान की परीक्षा बुधवार 25 फरवरी, गणित की परीक्षा शुक्रवार 27 फरवरी, संस्कृत की परीक्षा शनिवार 28 फरवरी को आयोजित की जा रही है। आखिरी परीक्षा कृषि गुरुवार, 12 मार्च को है।
इंटरमीडिएटः पहला पेपर हिंदी, आखिरी फिजिक्स
12वीं की परीक्षा की शुरुआत भी हिंदी के साथ हो रही है। हिंदी के बाद अगला पेपर नागरिक शास्त्र का 19 फरवरी को, संस्कृत और अंग्रेजी का 20 फरवरी, इतिहास 21 फरवरी, जीव विज्ञान और गणित 23 फरवरी, अर्थशास्त्र 24 फरवरी, केमिस्ट्री और समाज शास्त्र 25 फरवरी, भूगोल 26 फरवरी, फीजिक्स और सैन्य विज्ञान 27 फरवरी, मानव विज्ञान 7 मार्च, मनोविज्ञान, शिक्षा शास्त्र और तर्कशास्त्र का पेपर 9 मार्च और आखिरी पेपर कम्प्यूटर का 12 मार्च को होगा।
डबल लॉक की चार अलमारियों में रखे जाएंगे प्रश्न पत्र
बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने बताया, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए परीक्षा केंद्र पर डबल लॉ वाली चार अलमारियां रखी जाएंगी। वर्ष 2025 की परीक्षा में तीन अलमारियों की व्यवस्था थी। बाद में चौथी अलमारी की व्यवस्था अतिरिक्त प्रश्नपत्र के लिए कराई गई। इस बार शुरू से ही चार अलमारियों की व्यवस्था केंद्र व्यवस्थापकों को रखनी होगी। चौथी अलमारी में अतिरिक्त प्रश्नपत्र रखे जाएंगे।
पिछली बार 17 दिन में हुई थी परीक्षा
पिछली बार यूपी बोर्ड ने 17 दिन में परीक्षा करा ली थी। हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च को खत्म हुई थीं। प्रदेश भर में 7800 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
