मनोज अध्यक्ष, वासुदेव महामंत्री चुने गए; समस्याओं पर आंदोलन की चेतावनी
प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज में रविवार को माघ मेला स्टोर नंबर-1 पर लोक निर्माण विभाग फ़ील्ड कर्मचारी वेलफेयर समिति, उत्तर प्रदेश की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में माघ मेला में कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं, संगठन की मजबूती और नई कार्यकारिणी के गठन पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता समिति के प्रदेश अध्यक्ष और राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के मंडल अध्यक्ष श्याम सूरत पाण्डेय ने की। वरिष्ठ कर्मचारी नेता रजनीश श्रीवास्तव ने बैठक का संचालन किया। प्रांतीय संरक्षक सतीश पुरी, विजय श्याम तिवारी और ओ.पी. सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे।
समिति के प्रदेश महामंत्री अरुण कुमार पाण्डेय ने पुरानी कार्यकारिणी को भंग करने और नई कार्यकारिणी के गठन की घोषणा की। इसके बाद माघ मेला इकाई के पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चुनाव कराया गया।
चुनाव में मनोज कुमार पाण्डेय को माघ मेला अध्यक्ष और वासुदेव श्रीवास्तव को महामंत्री पद पर निर्विरोध चुना गया। पूरी नई कार्यकारिणी की भी घोषणा की गई।
प्रांतीय संरक्षक विजय श्याम तिवारी ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए निष्ठापूर्वक कार्य करने का संकल्प दिलाया।
बैठक में संगठनात्मक अनुशासन पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कर्मचारी विरोधी गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर प्रांतीय संरक्षक बसंत तिवारी को निष्कासित कर दिया गया। उनके स्थान पर रजनीश श्रीवास्तव को नया प्रांतीय संरक्षक नियुक्त किया गया।
नई कार्यकारिणी में युवराज मिश्रा और सुरेन्द्र कुमार पाण्डेय को मेला संरक्षक बनाया गया। राकेश श्रीवास्तव कोषाध्यक्ष, संतोष उर्फ अजय पाठक संयुक्त मंत्री, विरेन्द्र मणि तिवारी और राजेन्द्र मिश्रा उपाध्यक्ष तथा सुभाष चंद्र वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुने गए।
बैठक के दौरान कर्मचारियों ने माघ मेला में कार्यरत फ़ील्ड कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को उठाया। उन्होंने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
