प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज के औद्योगिक क्षेत्र इलाके में एक अनोखी विदाई ने लोगो का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। यहां शादी के बाद दुल्हन को विदा कराने के लिए दूल्हे ने बाकायदा हेलीकाप्टर की व्यवस्था की। जैसे ही हेलीकाप्टर गांव में उतरा, उसे देखने के लिए आसपास के गांवो के लोग भी इकट्ठा हो गए। दुल्हन की उड़न खटोले से हुई विदाई पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।
हेलीकाप्टर देखकर गांव में उत्सुकता
आम तौर पर शादी के बाद दूल्हा दुल्हन को कार या अन्य साधन से विदा कराता है, लेकिन करछना इलाके के अमन यादव ने इस पल को हमेशा के लिए यादगार बनाने का निर्णय लिया। उसने हेलीकाप्टर किराये पर बुक कराया और विदाई के समय उसे गांव के खेत में उतरवाया। शुरुआत में लोगो को लगा कि शायद कोई नेता या वीआईपी आया है, लेकिन कुछ ही देर में साफ हो गया कि हेलीकाप्टर दुल्हन आरती को विदा कराने आया है।
सात मिनट में ससुराल पहुंची दुल्हन
दुल्हन आरती को पूरे ग्रामीण माहौल के बीच हेलीकाप्टर में बैठाया गया और कुछ ही क्षणों बाद हेलीकाप्टर उड़ान भरकर उसके ससुराल की ओर रवाना हो गया। आरती का ससुराल गांव से मात्र 8 किलोमीटर दूर था, इसलिए उड़ान में केवल 7दृ8 मिनट लगे। छोटी दूरी होने के बावजूद हवाई विदाई ने इस शादी को अनोखा बना दिया।
4 दिसंबर को शादी, 5 दिसंबर को अनोखी विदाई
सडवां कला गांव की रहने वाली आरती यादव की शादी 4 दिसंबर को अमन यादव से हुई थी। अगले दिन यानी 5 दिसंबर की सुबह विदाई का समय था। इस मौके को खास बनाने के लिए अमन ने पहले ही हेलीकाप्टर बुक कर रखा था। विदाई के दौरान जैसे ही हेलीकाप्टर खेत में उतरा, गांव के लोग रोमांचित हो उठे।
गांव में लंबे समय तक चर्चा
दुल्हन की हेलीकाप्टर से विदाई की यह घटना अब पूरे नैनी और करछना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगो का कहना है कि उन्होंने पहली बार किसी दुल्हन की ऐसी विदाई देखी। ग्रामीणो के लिए यह पल यादगार बन गया, वहीं दूल्हे ने अपनी दुल्हन को शादी का एक अनोखा और यादगार तोहफा दिया।
