पुलिस जांच में बड़ा खुलासा, दो और आरोपी रडार पर
करछना, प्रयागराज (राजेश सिंह)। करछना में फौजी विवेक सिंह हत्याकांड की जांच में नया मोड़ आया है। पुलिस के अनुसार, इस घटना में पांच नहीं बल्कि सात हमलावर शामिल थे। जांच में दो नए नाम सामने आए हैं - गगन तिवारी और काली यादव, जो धनुआ गांव के निवासी हैं। पुलिस इनकी तलाश कर रही है। पुलिस जांच में पता चला है कि गगन तिवारी प्लाटिंग का काम करता है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी है। पुलिस ने कॉल रिकॉर्डिंग, मोबाइल लोकेशन और घटना की फुटेज की मदद से मामले की कड़ियां जोड़ी हैं, जिससे कई नई जानकारियां मिली हैं।
इस मामले में मिर्जापुर में तैनात दरोगा राजकमल पांडे सहित पांच लोग पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। यह घटना 29 नवंबर की रात करछना के धरवारा गांव के पास हुई थी। स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने साइड न मिलने पर फौजी विवेक सिंह पर लोहे की रॉड से हमला किया था।
हमले में गंभीर रूप से घायल विवेक सिंह को इलाज के लिए लखनऊ ले जाया गया था, जहां 1 दिसंबर को उनकी मौत हो गई थी। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए औद्योगिक क्षेत्र करछना और यमुनापार के कई इलाकों में लगातार दबिश दे रही है।
