प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज का अमरुद एक बार फिर से चर्चा में है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रयागराज के अमरुद के बहाने भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने अपने X पर लिखा- इलाहाबादी अमरुद का स्वाद, मतलब लाजवाब-बेमिसाल।
आगे उन्होंने लिखा- जिन्हें स्वाद न आए वो नाम बदलकर ‘प्रयागराजी अमरूद’ समझकर खाएं, उनको सच में मिठास की बहुत ज़रूरत है।
प्रयागराज के सपा नेता संदीप यादव शनिवार को लखनऊ में अमरुद की टोकरी के साथ सपा प्रमुख के प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिलने पहुंचे थे। इस दौरान सपा प्रमुख ने कहा- लाइए अमरुद लाइए। एक टोकरी मेरे लिए और एक टोकरी सभी के लिए।
उन्होंने कहा- असली अमरुद तो कौशांबी में होता है तो संदीप ने कहा- ये असली इलाहाबादी है। फिर वो हंसने लगे। इसके बाद अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा- ज्ञापन लाइए।
सपा प्रमुख ने संदीप यादव का वीडियो शेयर किया
20 दिसंबर को रात 10 बजकर 9 मिनट पर सपा प्रमुख ने वीडियो शेयर किया। इसमें सपा नेता संदीप यादव बगीचे में अमरुद तोड़ते हुए दिखते हैं। इसके बाद वो अमरुद को एक टोकरी में ले जाते हुए दिखे।
अखिलेश यादव के पोस्ट के बाद यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया
अखिलेश यादव के इस पोस्ट को भाजपा द्वारा नाम बदलने की राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं सोशल मीडिया पर कमेंट और वीडियो को लेकर लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
