प्रयागराज (राजेश सिंह)। माघ मेला 2026 के तहत प्रयागराज में संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा कला संगम सांस्कृतिक पंडाल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हो गया। सेक्टर-3, किलादृमिन्टो पार्क रोड, परेड ग्राउंड में आयोजित पहले दिन की सांस्कृतिक संध्या लोकगीत, शास्त्रीय संगीत और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों से सजी रही।
कार्यक्रम का उद्घाटन महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी की उपस्थिति में पद्मश्री मालिनी अवस्थी और अपर निदेशक संस्कृति सृष्टि धवन ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत प्रयागराज के उदयचंद परदेसी ने देवी गीतों की लोकगायन प्रस्तुति से की, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इसके बाद संगीत नाट्य समिति उत्तर प्रदेश के निदेशक शोभित नाहर और गुलाम सरवर ने उदयचंद परदेसी को सम्मानित किया।
दूसरी प्रस्तुति में वरुण मिश्रा (प्रयागराज) और उनकी टीम ने “चलो मन गंगा यमुना तीरे” गीत प्रस्तुत किया। तीसरी प्रस्तुति में कृति श्रीवास्तव ने लोकनृत्य ढेड़िया का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण पद्मश्री मालिनी अवस्थी की प्रस्तुति रही। उन्होंने “चलो री गुइंया, गंगा नहाये लें” लोकगीत गाकर पूरे पंडाल को तालियों से गूंजा दिया। वहीं वाराणसी से आए राम जनम ने लंबे समय तक शंख वादन कर दर्शकों को चकित कर दिया।
इसके अलावा संगीता मिश्रा (प्रयागराज) की लोकगीत प्रस्तुति, वरुण मिश्रा (लखनऊ) का शास्त्रीय गायन और नीता जोशी (लखनऊ) का कत्थक नृत्य दर्शकों को बेहद पसंद आया। कार्यक्रम के दौरान महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी का सम्मान अपर निदेशक संस्कृति सृष्टि धवन ने अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। वहीं पद्मश्री मालिनी अवस्थी का सम्मान महापौर द्वारा तथा कार्यक्रम के समापन पर प्रयागराज मंडल की मंडल आयुक्त सौम्या अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आभा माधुर ने किया। इस मौके पर सृष्टि धवन, शोभित नाहर, सुभाष यादव, गुलाम सरवर, जिला विकास अधिकारी जीपी कुशवाहा, पीडी भूपेंद्र सिंह सहित संस्कृति विभाग और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।

