प्रयागराज (राजेश सिंह)। कोरांव निवासी एक युवक की मध्य प्रदेश में गैस सिलेंडर ब्लास्ट में झुलसने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार रात परिजनों द्वारा शव घर लाए जाने पर पूरे गांव में मातम पसर गया। युवक मध्य प्रदेश में किराए के कमरे में रहता था और एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।
कोरांव थाना क्षेत्र के गिरगोठा गांव के रहने वाले मनोज कर सिंह (24 वर्ष) पुत्र राजेश सिंह मध्य प्रदेश में किराए पर कमरा लेकर रहते थे। वह एक प्राइवेट कंपनी में काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बीते 16 फरवरी की रात मनोज अपने कमरे पर खाना बना रहे थे, तभी अचानक गैस सिलेंडर फट गया।
इस घटना में मनोज बुरी तरह झुलस गए। आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचकर उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा था। हालांकि, शुक्रवार को इलाज के दौरान मनोज ने दम तोड़ दिया।
शुक्रवार रात परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया। मां शीतला देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक मनोज अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े और अविवाहित थे। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
