ब्रेजा कार से हो रही थी तस्करी, पुलिस ने वाहन सीज किया
मिर्जापुर (राजेश सिंह)। मिर्जापुर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना पड़री और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने 204 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ब्रेजा कार को भी जब्त कर लिया गया है।
यह कार्रवाई गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर मृगेंद्र के नेतृत्व में हुई। ग्राम सिन्धोरा, सागर सेमर मार्ग पर सघन चेकिंग के दौरान एक बी-ब्रेजा कार को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।
बरामद शराब में 84 बोतल मैजिक मोमेंट, 108 बोतल रॉयल स्टैग और 12 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड शामिल हैं, जिनमें से प्रत्येक बोतल 750 एमएल की थी। कुल 204 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपी रणधीर कुमार (33) और आशुतोष कुमार सिंह (42) बिहार के वैशाली जिले के हरपुर, थाना राजापाकर के निवासी हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरियाणा से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते थे। वे इसी आय से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बरामद शराब को वाहन में छिपाकर ले जाया जा रहा था।
थाना पड़री में दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। तस्करी में प्रयुक्त ब्रेजा कार को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर आबकारी अधिनियम के प्रावधानों के तहत जब्ती की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, उप निरीक्षक राम नगीना यादव सहित थाना पड़री पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम के सदस्य शामिल रहे।
