प्रयागराज में 15 दिन के अंदर कोर्ट मैरिज, फिर मंदिर में मांग भरी
प्रयागराज (राजेश सिंह)। ब्रेक अप के बाद गर्लफ्रेंड थाने पहुंच गई। उसने बॉयफ्रेंड के खिलाफ रेप की तहरीर दी। इसके बाद वह प्रेमी के घर पहुंची। यहां जमकर बवाल हुआ। बॉयफ्रेंड के घरवालों ने उसके साथ मारपीट की। इस बीच पुलिस ने जांच शुरू की, तो पंचायत बैठी। लड़का अपनी बहन के साथ पहुंचा। पंचायत ने दोनों को साथ रहने को कहा।
पुलिस, वकील और घरवालों की मौजूदगी प्रेमी-प्रेमिका ने एक-दूसरे के गले में वरमाला डाली। प्रेमी ने प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरा। मंदिर में शादी की रस्म पूरी की गई। हालांकि, अब तक लड़की की विदाई नहीं हो सकी है। लड़के ने वादा किया कि दो-चार दिन में अपने मां-पिता को समझा लेगा। वरना किराए का मकान लेकर लड़की को विदा कर ले जाएगा। मामला उतरांव थाना क्षेत्र के बलरामपुर का है।
प्रयागराज के उतरांव थाना क्षेत्र के बलरामपुर में मनीषा का घर है। उसका अपने रिश्तेदार विनोद कुमार से पिछले 5 साल से अफेयर चल रहा था। विनोद मऊआइमा थाना क्षेत्र के बदलापुर का रहने वाला है। मनीषा ने बताया- जब भी मैं विनोद से शादी की बात करती तो आनाकानी करता। कहता- आराम से करेंगे, अभी क्या जल्दी है।
मनीषा ने कहा- विनोद मुझसे शादी का वादा करता। अपने दोस्तों के घर लेकर जाता था और रिलेशन बनाता। उसने मेरे फोटो और वीडियो भी बनाए। एक दिन मैंने कहा- अब बहुत हो गया। शादी कब करोगे तो वह मुकर गया।
मनीषा ने बताया- 24 दिसंबर को विनोद मेरे घर पहुंचा और बोला- तुमसे शादी करूंगा। फिर उसने मेरे साथ संबंध बनाए। इसके बाद उसने मेरे मोबाइल से अपने फोटो और हमारी सभी तस्वीरें डिलीट कर दीं।कहने लगा कि अब तुम कहीं और शादी कर लो, मैं नहीं करूंगा। मेरे घरवाले भी तैयार नहीं हैं।
मनीषा ने कहा- मुझे लगा अब तो मेरी जिंदगी बर्बाद हो गई। 25 दिसंबर को मैंने घरवालों को पूरी बात बताई। इसके बाद मां को लेकर उतरावं थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। लड़के के घर भी पहुंची और पूरा मामला बताया। कहा कि शादी को राजी हो जाएं तो तहरीर वापस ले लूंगी। हंगामे के बाद प्रेमी के घरवालों ने उसे भगा दिया। बॉयफ्रेंड विनोद गांव छोड़कर भाग गया।
पुलिस विनोद की तलाश में छापेमारी करने लगी। घर पर दबिश दी तो दबाव बनने लगा। फिर गांव में पंचायत हुई। प्रधान भी बीच में आए। थाने में पुलिस की मौजूदगी में तय हुआ कि दोनों की शादी करा दी जाए। तय हुआ कि 12 जनवरी को दोनों पक्ष कचहरी पहुंचेंगे। प्रधान, दरोगा की मौजूदगी में कोर्ट मैरिज कराई जाएगी। मनीषा के वकील ने कागजात तैयार कर लिए।
मनीषा अपनी मां, बहनों के साथ 12 जनवरी की सुबह कचहरी पहुंच गई। कई घंटे इंतजार के बाद भी प्रेमी नहीं आया। इसके बाद मनीषा ने पुलिस, प्रधान को कॉल किया। पुलिस ने विनोद के घरवालों को बताया कि मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। जेल जाने के डर से विनोद अपनी बहन राजकुमार के साथ कचहरी पहुंचा। गवाहों के सामने कागजातों पर साइन हुए। कोर्ट मैरिज होने के बाद मंदिर में शादी कराई गई।
विनोद ने ग्रेजुएशन किया और मनीषा ने नहीं की पढ़ाई
जानकारी के मुताबिक, प्रेमी विनोद ने बीए किया हुआ है। वह इन दिनों मोबाइल शॉप पर बैठता है। मनीषा सात बहनों में सबसे छोटी है। उसके पिता की मौत हो चुकी है। विनोद दो भाइयों में बड़ा है। उसकी एक बहन है। दोनों परिवार खेती किसानी करने वाले हैं। पांच साल पहले एक रिश्तेदार की शादी में विनोद और मनीषा के बीच बातचीत शुरू हुई थी। उतरांव थाना प्रभारी प्रीतम कुमार तिवारी ने बताया-लड़की की तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू की। लड़का घर से भाग गया था तो उसके घरवालों को बुलाकर पंचायत कराई। दोनों पक्षों के वकील भी आए। लड़के ने हामी भर दी कि वह शादी को तैयार है। इसके बाद कोर्ट मैरिज के पेपर तैयार हुए। कोर्ट में शादी के बाद मंदिर में शादी हो गई। अब लड़की कोई कार्रवाई नहीं चाहती है।