मोदी ने कहा- भाई को लेने आया हूं; गुजरात का नक्काशीदार झूला और पश्मीना शॉल गिफ्ट की
नई दिल्ली। शेख जायद का 2022 में राष्ट्रपति बनने के बाद तीसरा और पिछले दस सालों में पांचवां भारत दौरा है। UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान सोमवार को संक्षिप्त दौरे पर भारत आए। वो आज शाम करीब 4:30 बजे भारत पहुंचे थे। पीएम मोदी ने प्रोटोकॉल तोड़कर उन्हें दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर रिसीव किया था। मोदी ने X पर एक पोस्ट में लिखा था कि, मैं अपने भाई को लेने खुद एयरपोर्ट आया हूं।
इसके बाद पीएम मोदी ने राष्ट्रपति शेख जायद और उनके परिवार का दिल्ली में अपने आवास लोक कल्याण मार्ग पर स्वागत किया। मोदी ने उन्हें गुजरात का एक शाही नक्काशीदार लकड़ी का झूला और कश्मीर की पश्मीना शॉल तेलंगाना में बने चांदी के डिब्बे में रखकर गिफ्ट की। यह पश्मीना शॉल बहुत ही बारीक ऊन से हाथ से बनाई जाती है और हल्की, मुलायम और गर्म होती है। यह उपहार भारत की हथकरघा और हस्तशिल्प परंपरा को दर्शाता है। मोदी ने राष्ट्रपति की मां शेखा फातिमा बिंत मुबारक अल केतबी को भी एक पश्मीना शॉल तोहफे में दी। इसके साथ ही उन्हें कश्मीरी घाटी में उगा केसर भी भेंट किया। यह केसर अपनी गहरी लाल रंगत और खुशबू के लिए जाना जाता है।
भारत बोला- ये दौरा छोटा लेकिन, बहुत महत्वपूर्ण
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि यह दौरा छोटा था, लेकिन बहुत ही महत्वपूर्ण रहा। इस दौरान दोनों नेताओं की मौजूदगी में कई दस्तावेजों का आदान-प्रदान भी किया गया। हालांकि इन दस्तावेजों की डिटेल आना बाकी है। विदेश सचिव ने कहा कि इस दौरे की अहमियत UAE राष्ट्रपति के साथ आए प्रतिनिधिमंडल से समझी जा सकती है। इस प्रतिनिधिमंडल में अबू धाबी और दुबई के शाही परिवारों के सदस्य और कई सीनियर मंत्री व अधिकारी शामिल थे।
दोनों देशों के बीच लंबे समय से ऊर्जा आपूर्ति को लेकर मजबूत साझेदारी है। साथ ही, लोकल करेंसी सेटलमेंट सिस्टम और बाइलेटरल इन्वेस्टमेंट ट्रीटी ने आर्थिक रिश्तों को और मजबूती दी है। यह दौरा भारत-UAE कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को और आगे बढ़ाने तथा आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर सहयोग के नए रास्ते खोलने का अवसर देगा। भारत और UAE के बीच 1972 में राजनयिक संबंध स्थापित हुए थे। दोनों देश संयुक्त राष्ट्र, BRICS, I2U2 और UFI जैसे बहुपक्षीय मंचों पर भी करीबी सहयोग करते हैं।
गल्फ देशों में UAE को सबसे ज्यादा एक्सपोर्ट करता है भारत
UAE भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। दोनों देशों के बीच 6 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार है। इसमें UAE ने भारत से 2 लाख करोड़ रुपए का इम्पोर्ट किया है। भारत का UAE के साथ वित्तीय घाटा है। यानी भारत UAE से आयात ज्यादा करता है और निर्यात कम।
भारत ने वित्तवर्ष 2022-23 में UAE से 4 लाख करोड़ रुपए का इंपोर्ट किया है। भारत ने UAE के साथ एक ट्रेड पैक्ट पर भी साइन किया था। भारत, UAE को पेट्रोलियम प्रोडक्ट, मेटल, स्टोन, जेम्स एंड ज्वेलरी, मिनरल्स, फूड आइटम जैसे अनाज, चीनी, फल और सब्जियां, चाय, मांस और सीफूड, टेक्सटाइल, इंजीनियरिंग मशीनरी प्रोडक्ट और कैमिकल्स एक्सपोर्ट करता है।
भारत UAE को क्या एक्सपोर्ट करता है?
UAE को भारत के प्रमुख एक्सपोर्ट में पेट्रोलियम प्रोडक्ट, मेटल, स्टोन, जेम्स एंड ज्वैलरी, मिनरल्स, फूड आइटम जैसे अनाज, चीनी, फल और सब्जियां, चाय, मांस और सीफूड, टेक्सटाइल, इंजीनियरिंग मशीनरी प्रोडक्ट और कैमिकल्स शामिल हैं।


