लखनऊ। निषाद पार्टी के अध्यक्ष एवं मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने शनिवार को मीडिया से वार्ता की। नये वर्ष की पहली पत्रकार वार्ता में संजय निषाद ने कांग्रेस, सपा और बसपा पर तीखा हमला बोला।
मत्स्य विकास मंत्री संजय निषाद ने कहा कि देश में 70 वर्ष से ‘पउआ’ पिलाकर ‘झउआ’ भर वोट लिया जा रहा है। कौन ले रहा है, इस सवाल पर कहा कि सब जानते हैं, कांग्रेस, सपा, बसपा की सरकारें रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अब ‘झउआ’ भर वोट लेने वाले सत्ता से बाहर हैं।
अपने सरकारी आवास पर पत्रकार वार्ता में मत्स्य मंत्री ने कहा कि आवास में पूर्व सांसद फूलन देवी की प्रतिमा लगाने और 13 जनवरी कसे संकल्प यात्रा निकालने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि मेरे सरकारी आवास में फूलन देवी की प्रतिमा लगाई जाएगी। जब तक मैं मंत्री हूं, तब तक प्रतिमा लगी रहेगी। उसके बाद हम प्रतिमा साथ ले जाएंगे। उनके अलावा समाज के अन्य महापुरुषों की मूर्ति भी लगाई जाएंगी। राष्ट्र प्रेरणा स्थल के प्रश्न पर कहा कि वहां स्वतंत्रता दिलाने वाले अन्य महापुरुषों की प्रतिमाएं लगवाने के लिए वह सरकार को पत्र लिखेंगे।
संजय निषाद ने कहा कि लखनऊ में आशियाना के डा. बीआर आंबेडकर सभागार में 13 जनवरी को पार्टी का 13वां संकल्प दिवस मनाया जाएगा। इसमें भाजपा और अन्य सहयोगी दलों को भी आमंत्रित किया गया है। आयोजन में आरक्षण, शिक्षा और अन्य सामाजिक मुद्दों पर सामाजिक गोष्ठी का प्रस्ताव पास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 13 जनवरी से वह प्रदेश में निषाद बाहुल्य जिलों में संकल्प यात्रा निकालेंगे। महाराजा निषादराज की जयंती तक यह यात्रा चलेगी। अपने काम समाज के सामने रखूंगा। उन्होंने साथ ही कहा कि हम मतदाताओं को और जागरूक करेंगे।
