प्रयागराज (राजेश सिंह) । महाकुम्भ 2025 ने प्रयागराज को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया। शहर की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ हवाई यातायात में भी जबरदस्त उछाल आया। एयरपोर्ट ने 2025 में पहली बार किसी कैलेंडर वर्ष यानी जनवरी से दिसम्बर महीने में 10.50 लाख से अधिक यात्रियों का रिकॉर्ड कायम किया।
कुल 10,56,311 यात्रियों ने यहां से हवाई यात्रा की, जो एयरपोर्ट के इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धि है। दो साल पहले 2023 में यह संख्या महज 6,27,966 थी। महाकुम्भ के कारण देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचे। जिसने यह कमाल कर दिखाया। विमानों की आवाजाही में भी रिकॉर्ड बना। 2025 में 8,915 उड़ानें दर्ज हुईं जबकि 2022 में यह 7,822 तक सीमित थी।
महाकुम्भ के दौरान एक दिन में सौ से ज्यादा विमान उतरने-उड़ने लगे थे।इसके दम पर प्रयागराज एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश में तीसरे स्थान पर पहुंच गया। लखनऊ और वाराणसी के बाद यह सबसे व्यस्त एयरपोर्ट बना। स्थानीय अधिकारियों ने इसे महाकुम्भ की अपार सफलता का प्रमाण बताया।
