प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर के सोरांव में मजदूरी के बाद सोमवार शाम साइकिल से घर लौट रहे युवक को सेवइत रेलवे क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक ने उसे कुचल दिया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना को भाग रहे ट्रक को सिकंदरा के पास पकड़ लिया लेकिन चालक फरार हो गया। होलागढ़ के जमुनीपुर गांव निवासी 32 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र बच्चूलाल होलागढ़ स्थित एक कोल्ड स्टोर में मजदूरी करता था। सोमवार को वह किसी काम से थरवई गया था। शाम को वह साइकिल पर लौट रहा था। वह सेवइत रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचा तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिरा तो ट्रक ने उसे रौंद दिया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। चालक ट्रक लेकर भागने लगा। सूचना मिली तो पुलिस ने ट्रक का पीछा कर सिकंदरा में रोक लिया। हालांकि चालक भाग निकला। सुनील चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी पत्नी सुमन देवी गर्भवती है। दुखद खबर घरवालों को मिली तो कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के मामा अरुण कुमार की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा लिखा है।
