Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

यूपी में 46 लाख किशोरियों को लगेगा सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीका: ब्रजेश पाठक

sv news

लखनऊ। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि बेटियों को सर्वाइकल (गर्भाशय) कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण बेहद जरूरी है। सरकार बेटियों की सेहत और सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश की लगभग 46 लाख किशोरियों को यह वैक्सीन लगाने का लक्ष्य है।

वैक्सीन सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त में लगाई जाएगी। तीन माह तक वैक्सीन का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। परिजनों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा है कि वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है।

शनिवार को केजीएमयू स्थित अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में प्रदेशव्यापी ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की शुरुआत करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वैक्सीन लगवाने वाली बेटियों को सर्टिफिकेट भी दिए जाएंगे, उन्होंने मौके पर ही कुछ किशोरियों को सर्टिफिकेट दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

जच्चा-बच्चा का टीकाकरण लंबे समय से चल रहा है। बच्चों को सभी प्रकार के टीके मुफ्त लगाए जा रहे हैं। नए टीके भी अभियान में जोड़े जा रहे हैं। इससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिल रही है। हम सब की जिम्मेदारी है कि एक भी बेटी टीकाकरण से वंचित न रहे। इसके लिए ग्राम प्रधान, बाल विकास व महिला कल्याण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों को आगे बढ़ाने में जुटी है। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए भी अभियान शुरू किया गया है। वर्ष 2017 से पहले बेटियों को स्कूल भेजने में भी माता-पिता घबराते थे। अब सरकार ने गुंडों-माफियों को खदेड़ दिया है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर बहुत आम है। यह महिलाओं में होने वाले सभी कैंसर रोगों का लगभग 22.86 प्रतिशत है। गर्भाशय कैंसर के नए मामले सामने आने और इससे होने वाली मौतों की संख्या में भी वृद्धि दर्ज की गई है। टीकाकरण बेटियों को सुरक्षा कवच देगा।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, एमएलसी मुकेश शर्मा, विधायक डा. नीरज बोरा, अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष, केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद, मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन पिंकी जोएल, महानिदेशक परिवार कल्याण डा. एचडी अग्रवाल आदि उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad