प्रयागराज (राजेश सिंह)। शहर के करेली थाना क्षेत्र के सोलह मार्केट के पास नजमा बेगम के घर के बाहर रविवार देर रात तबाड़तोड़ बमबाजी की। हवा में कई राउंड गोलियां चलाई। इससे लोगों में खलबली मच गई। कुछ देर बाद लोग घरों से बाहर निकले तो हमलावर बाइक से भाग निकले थे। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि हमलावरों द्वारा पहले घर की रेकी की गई और उसके बाद लगातार तीन बम चलाए गए। इसके बाद फायरिंग करते हुए हमलावर भाग निकले। करेली पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज को देखकर हमलावरों का पता लगाया जा रहा है।
क्या है मामला?
करेली इलाके के सोलह मार्केट के पास नजमा बेगम का मकान है। आरोप हैं की एक शख्स ने आठ साल पहले एक युवती से भगाकर शादी की थी। इधर कुछ समय पहले उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई। पति राजा रविवार देर रात नजमा बेगम के घर पहुंचा और पत्नी के बारे मे पूछताछ की।
इस दौरान लड़की की मां से राजा का झगड़ा हो गया। राजा और उसके भाई समेत दो अन्य युवकों ने नजमा के घर के बाहर एक के बाद एक तीन बम फोड़े। फायरिंग भी की। हालांकि बमबाजी और फायरिंग से किसी के घायल होने की सूचना नहीं हैं।
