झूंसी, प्रयागराज (जितेन्द्र शुक्ल)। संगम क्षेत्र स्थित तपोवन आश्रम में 22 फरवरी, रविवार को दोपहर 1:00 बजे सैकड़ों बटुक बालकों के स्वागत, सम्मान एवं विशाल भोज का आयोजन किया जा रहा है। प्रयागराज के विभिन्न क्षेत्रों से बटुक बालक इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
प्रयागराज के सुप्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य एवं ब्राह्मण समाज के पुरोधा आचार्य हरिकृष्ण शुक्ला ने बताया कि सनातन धर्म की परंपरा में बटुक बालकों का विशेष स्थान रहा है। आदिकाल से ही ऋषि-मुनियों और ब्रह्मचारियों ने आश्रम परंपरा की गरिमा को बनाए रखा है। इसी सांस्कृतिक विरासत को सशक्त करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने मेले के दौरान बाल बटुकों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि समाज को आत्ममंथन की आवश्यकता है। सम्मान और आत्मग्लानि से मुक्ति के भाव से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बटुक बालकों को अंगवस्त्र, पुष्पमाला और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया जाएगा तथा उन्हें ससम्मान भोजन प्रसाद कराया जाएगा।
आचार्य हरिकृष्ण शुक्ला ने मीडिया बंधुओं, जनपद के बुद्धिजीवियों एवं समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों को इस गरिमामय आयोजन में सादर आमंत्रित करते हुए अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

