Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

मेजा रोड सहित पांच रेलवे स्टेशनों की बदलेगी सूरत, बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं

SV NEWS

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के प्रयागराज मंडल के अंतर्गत आने वाले मेजा रोड सहित पांच रेलवे स्टेशनों पर जल्द ही आधुनिक सुविधाओं का विस्तार होने जा रहा है। प्रयागराज से पंडित दीन दयाल उपाध्याय (पीडीडीयू) जंक्शन के बीच बिछाई जा रही तीसरी रेल लाइन के निर्माण के कारण अब इन स्टेशनों पर नए भवनों, प्लेटफार्म विस्तार और फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसी क्रम में रेलवे प्रशासन ने मेजा रोड, विंध्याचल, पहाड़ा, डगमगपुर और चुनार स्टेशनों पर कई तरह की यात्री सुविधाएं व नए भवन की योजना तैयार की है।

मेजा रोड स्टेशन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा 

मेजा रोड स्टेशन पर विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है, क्योंकि यहां अमृत भारत एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की योजना है। इसके लिए पुराने प्लेटफार्म की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी और उनका विस्तार किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफार्म पर नए शेल्टर लगाए जाएंगे और एक आधुनिक सेवा भवन का निर्माण भी होगा। इसके अतिरिक्त, विंध्याचल और चुनार जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर भी यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नए फुट ओवर ब्रिज और अन्य यात्री सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

यात्रियों को सुरक्षित व आरामदायक सफर का लाभ मिलेगा

प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने इस संबंध में बताया कि तीसरी रेल लाइन बिछाने के दौरान स्टेशनों पर इन बुनियादी ढांचों का विकास अनिवार्य है। इन कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मार्च 2027 तक सभी निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। रेलवे का मुख्य उद्देश्य इन कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ संपन्न करना है, ताकि यात्रियों को लंबे समय तक सुरक्षित और आरामदायक सफर का लाभ मिल सके।

ये प्रमुख कार्य होंगे

स्टेशन भवन, सेवा भवनों के साथ नए प्लेटफार्म का निर्माण होगा। मौजूदा प्लेटफार्म का चौड़ीकरण अथवा विस्तार किया जाएगा। प्लेटफार्म शेल्टर, यात्री सुविधाएं, फुट ओवर ब्रिज, जैसे कार्य होंगे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad