१४ मार्च को कमिश्नर कार्यालय पर होगी चौधरी राकेश टिकैत की किसान क्रांति महापंचायत, बैठक में बनीं रणनीति
प्रयागराज(जितेन्द्र शुक्ल)। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों की शनिवार को धरना स्थल पत्थर गिरिजा घर, प्रयागराज में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर १४ मार्च २०२६ को प्रयागराज मंडल कमिश्नर कार्यालय पर चौधरी राकेश टिकैत की किसान क्रांति महापंचायत आयोजित की जाएगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रयागराज जनपद सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान महापंचायत में शामिल होकर अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखेंगे।
भारतीय किसान यूनियन के युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह ने कहा कि किसानों के अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा समस्याओं के समाधान हेतु यह महापंचायत निर्णायक साबित होगी । जल-जंगल - जमीन को लूटने नहीं देंगे महापंचायत में प्रमुख रूप से किसानों के कई समस्याओं का मुद्दा उठाया जायेगा जिसमें भूमि अधिग्रहण में वर्तमान सर्किल रेट के अनुसार किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। भूमि अधिग्रहण के दौरान किसानों को कम मुआवजा दिए जाने की प्रक्रिया समाप्त की जाए । किसानों की उपजाऊ कृषि भूमि को ग्रीन बेल्ट घोषित किए जाने की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान का स्थायी समाधान किया जाए प्रयागराज जनपद के किसानों की अन्य स्थानीय समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए। बैठक में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।
