| (सांकेतिक तस्वीर) |
नई दिल्ली। केरल के कोल्लम जिले में भूत भगाने के नाम पर नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने के आरोपित को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि रविवार शाम इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद से आरोपित राजन बाबू उर्फ मुरारी फरार था। पुलिस के अनुसार पीड़िता और उसकी मां ने मुरारी से कुछ ज्योतिषीय सलाह के लिए संपर्क किया था। उसने उन्हें विश्वास दिलाया की लड़की के शरीर में भूत है और आश्वासन दिया कि वह उन्हें भूत से छुटकारा दिलाने में मदद कर सकता है।
लड़की ने बताई आपबीती
उसके कहे अनुसार लड़की और उसकी मां रविवार को उसके घर में अनुष्ठान के लिए आईं। आरोपित ने लड़की की मां से कहा कि वह कमरे के बाहर इंतजार करे और लड़की को अकेले अंदर जाने दे। कुछ समय बाद, लड़की बाहर आई और मां को आपबीती बताई।
सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने उसके घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन आरोपित भाग गया। मुरारी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया, जिसमें धारा 64 (दुष्कर्म), 75 (1) और 76 (यौन उत्पीड़न) और पाक्सो अधिनियम शामिल हैं।