Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

प्रयागराज: टायर शो रूम में तीन अधिवक्ताओं को बंधक बनाकर मारपीट

 

sv news

प्रयागराज (राजेश सिंह)। सिविल लाइन्स में एक टायर शोरूम में क्लेम के तहत टायर लेने पहुंचे तीन अधिवक्ताओं को बंधक बनाकर मारपीट की गई। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत कई अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

sv news


म्योर रोड राजापुर थाना कैंट के रहने वाले अधिवक्ता अजय कुमार बताया कि बुधवार की शाम करीब 5 बजे वह सिविल लाइन्स स्थित एमआरएफ टायर शोरूम (आटो सेल्स चौराहा) में क्लेम के तहत दिया गया टायर लेने पहुंचे थे। उसी दौरान शोरूम में मौजूद राहुल गुप्ता, उसका भाई और 10 से 15 कर्मचारी एकजुट होकर विवाद करने लगे।

आरोप है कि विरोध करने पर सभी ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। लोहे की रॉड, टायर लीवर, रिंच, पेचकस और हथौड़ी जैसे औजारों से उनकी पिटाई की गई। इसी बीच टायर खरीदने पहुंचे अधिवक्ता राहुल मिश्रा और अधिवक्ता आलोक मिश्रा ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो उन पर भी जानलेवा हमला किया गया।

पीड़ितों के अनुसार, आरोपियों ने शोरूम का गेट बंद कर उन्हें अंदर बंधक बना लिया और सामूहिक रूप से मारपीट की। इस दौरान अधिवक्ता आलोक के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं, उनके कपड़े फाड़ दिए गए और जेब में रखे करीब 12 हजार रुपए नकद व जरूरी दस्तावेज भी छीन लिए गए।

मारपीट के दौरान अधिवक्ता राहुल मिश्रा गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से उन्हें थाने पहुंचाया, जहां से इलाज के लिए बेली अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान उनकी हालत में सुधार हुआ।

पीड़ित अजय की तहरीर पर सिविल लाइन्स थाने में संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सिविल लाइंस पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शोरूम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad