Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

राजनीति और खेल का सबसे बड़ा महाकुंभ

sv news

मुंबई। पिछले साल दुबई में हुए एशिया कप के बाद यह टी-20 विश्व कप भी राजनीतिक अखाड़े में तब्दील हो गया है। भारतीय उपमहाद्वीप के देश पाकिस्तान और बांग्लादेश ने राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को क्रिकेट के मैदान में उतारकर जेंटलमैन गेम को अपवित्र करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। भारत में सुरक्षा कारणों का हवाला देकर खेलने से इन्कार करने वाला पड़ोसी देश बांग्लादेश टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है।

कभी बांग्लादेशियों पर अत्याचार करने वाला पाकिस्तान 1971 के जख्म को कम करने के लिए भारत के विरुद्ध मैच खेलने से इन्कार कर चुका है। हालांकि मेजबान भारत और श्रीलंका शनिवार से शुरू हो रहे इस विश्व कप की मेजबानी में कोई कसर नहीं छोड़ने वाले हैं।

नई और मजबूत टीम इंडिया

गौतम गंभीर की कोचिंग और सूर्य कुमार यादव की टीम जिस माइंडसेट से खेल रही है उसमें उसका लक्ष्य छह ओवर के पावरप्ले में 75 रन और 20 ओवर में 250 रन से ज्यादा बनाने का है। भारतीय टीम की कोशिश है कि ओस होने और टॉस हारने की स्थिति में अगर उसे बाद में भी गेंदबाजी करनी पड़े तो उसके बल्लेबाज पहले खेलते हुए इतना बड़ा लक्ष्य निर्धारित करें कि सामने वाली टीम उससे पार नहीं पा सके। भारतीय टीम के अभ्यास में भी यही दिखाई दे रहा है।

हर्षित टीम से बाहर, वॉशिंगटन फिट नहीं

विश्व कप से ठीक पहले तेज गेंदबाज हर्षित राणा टीम से बाहर हो गए हैं। वह दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध वार्मअप मैच में चोटिल हो गए थे। उनकी जगह मोहम्मद सिराज को बुला लिया गया है। वहीं ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर के शुरुआती दो मैच में खेलने की संभावना नहीं हैं क्योंकि अभी तक वह पूरी तरह से फिट नहीं हो पाए हैं।

टीम दिख रही है संतुलित

भारतीय टीम संतुलित नजर आ रही है। पिछले साल लगातार खराब फार्म से जूझने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव का बल्ला आग उगलने लगा है। ईशान किशन ने विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर जबरदस्त वापसी कर ली है। पहले मैच में ईशान और अभिषेक शर्मा ही ओपनिंग करने उतर सकते हैं।

तीसरे नंबर के लिए तिलक वर्मा ने अपनी फिटनेस साबित कर दी है जबकि चौथे नंबर पर कप्तान सूर्य कुमार यादव उतरेंगे। पांचवें, छठे, सातवें और आठवें नंबर पर तीन ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल और मैच फिनिशर रिंकू सिंह खेलेंगे। अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह तेज गेंदबाजी की कमार संभालेंगे तो वरुण या कुलदीप यादव में से कोई एक स्पिनर अंतिम एकादश में जगह बनाएगा।

कमजोर नहीं है अमेरिकी टीम

शुभम रंजने, हरमीत सिंह और सौरभ नेत्रवलकर मुंबई के लिए ही सूर्य कुमार यादव के साथ खेल चुके हैं। वह भले ही अब ग्रीन कार्ड वाले देश से खेल रहे हैं लेकिन कभी उनके पास भी आधार कार्ड थे। अमेरिका ने पिछली बार अपने घर में पाकिस्तान को हराकर सुपर-आठ में जगह बनाई थी।

उन्होंने भारत को भी कड़ी चुनौती दी थी। अमेरिकी टीम ने पिछले साल नौ में से आठ मैच जीते हैं। इस बार दूसरे अभ्यास मैच में न्यूजीलैंड की टीम उन्हें सिर्फ सात रन से ही हरा पाई। कप्तान मोनांक पटेल को बल्लेबाजी में साइतेजा मुक्कमल्ला और मिलिंद कुमार का साथ मिलेगा। गेंदबाजी में नेत्रवलकर हरमीत और रंजने अहम होंगे।

भारतीय टीम 

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज।

अमेरिका 

मोनांक पटेल (कप्तान), आंद्रिस गौस, साइतेजा, शायन जहांगीर, हरमीत सिंह, शेहान जयसूर्या, संजय कृष्णमूर्ति, मिलिंद कुमार, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रंजने, शाडले वान शाकविक, अली खान, जसदीप सिंह, नोस्तुश केनिजे और सौरभ नेत्रवलकर।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad