Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

बहनोई ने साले को रस्सी से बांधा, पीटकर की हत्या

sv news

प्रयागराज में बहन की शादी की खरीदारी को लेकर हुआ था विवाद

प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर के सोरांव थाना क्षेत्र के सेवईत गांव में शनिवार दोपहर एक बहनोई ने अपने साले की पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना छोटी बहन की शादी के सामान की खरीदारी को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। गंभीर रूप से घायल साले अनिल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरांव ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गांव निवासी गुड्डू लाल के दो बेटे सुनील और अनिल और तीन बेटियां हैं। उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है। मझली बेटी अंजना अपने पति राजू (जो कि मृतक अनिल का बहनोई है) के साथ मायके में ही रहती है। घर में अनिल, सुनील और उनकी छोटी बहन काजल रहते हैं।

शादी के सामान की खरीदारी को लेकर विवाद

काजल की शादी की तैयारियां चल रही थीं, जिसके लिए गुड्डू, उनके बेटे सुनील, अनिल और दामाद राजू मिलकर खरीदारी कर रहे थे। शनिवार दोपहर काजल की शादी के सामान की खरीदारी को लेकर बहनोई राजू और साले अनिल के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों शराब के नशे में थे।

लाठी-डंडों और सरिया से किया हमला

विवाद जल्द ही मारपीट में बदल गया। जब तक बड़े भाई सुनील और पिता गुड्डू बीच-बचाव करने पहुंचे, दोनों लाठी-डंडों और सरिया से एक-दूसरे पर हमला करने लगे। जब अनिल ने उपद्रव मचाना शुरू किया, तो उसके दोनों पैर रस्सी से बांध दिए गए। इसके बाद नशे में धुत बहनोई राजू ने अनिल के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर प्रहार किए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।

इलाज के दौरान मौत

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अनिल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरांव पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद अनिल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad