प्रयागराज (राजेश सिंह)। शहर में मंगलवार दोपहर दर्दनाक हादसा हुआ। साउथ मलाका मुहल्ले में स्थित नवाब की रसोई रेस्टोरेंट के पास पुराना घर बगल के निर्माणाधीन मकान पर गिर पड़ा। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि शव को कब्जे में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे दो महिलाएं व दो बच्चे मलबे में दबने से बाल-बाल बच गए।
बताया जाता है कि नवाब की रसोई रेस्टोरेंट के पास एक मकान का निर्माण चल रहा है। मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे अचानक निर्माणाधीन मकान के ऊपर बगल का घर भराभरा कर गिर गया। उस समय निर्माणाधीन मकान में मजदूर काम कर रहे थे। मकान के मलबे में मीरजापुर जनपद के रहने वाले 35 वर्षीय विनोद समेत तीन लोग दब गए। आसपास के लोगों की जुटी भीड़ ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और फायर ब्रिगेड कर्मी मौके पर पहुंचे। बचाव अभियान चलाकर तीनों दबे लोगों को बाहर निकालकर स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया। वहां डाॅक्टरों ने विनोद को मृत घोषित बताया।
