Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

नायब तहसीलदार पद पर चयनित होने से भावुक हुए आनंद राज, मंदिर में फूट-फूटकर रोए

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस-2024 परीक्षा के परिणाम में नायब तहसीलदार पद पर चयन की सूचना मिलने पर आनंद राज सिंह भावुक हो गए। आनंद सीधे हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां भगवान के चरणों में माथा टेकते हुए वह फूट-फूटकर रो पड़े। 


उनकी आंखों से छलकते आंसुओं में वर्षों की मेहनत, संघर्ष और सपनों के साकार होने की खुशी साफ झलक रही थी। इस भावुक पल का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है और लोग उनकी सफलता को प्रेरणादायक बता रहे हैं।
सोनभद्र जिले की घोरावल तहसील के केवली गांव निवासी आनंद राज सिंह ने यूपी पीसीएस परीक्षा में अपने दूसरे प्रयास में नायब तहसीलदार पद पर चयन सुनिश्चित किया। आनंद पिछले चार वर्षों से लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे थे। सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने कठिन परिश्रम, धैर्य और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
आनंद के पिता आत्मानंद सिंह झूंसी स्थित एक ट्रैक्टर एजेंसी में कार्यरत हैं। साधारण परिवार से आने वाले आनंद की सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गांव में खुशी का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आनंद की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी। आनंद ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, परिवार के सहयोग और निरंतर मेहनत को दिया।
उन्होंने कहा कि कई बार कठिनाइयां आईं, लेकिन लक्ष्य से कभी ध्यान नहीं हटाया। मंदिर में रो पड़ने के बारे में उन्होंने कहा कि यह आंसू संघर्ष के उन वर्षों की याद और सफलता की खुशी के थे, जिन्हें शब्दों में बयान करना मुश्किल है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad