प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। सोरांव क्षेत्र में रहने वाले एक सात साल के बच्चे से दो लड़कों ने कुकर्म किया। साथ ही कुल्हाड़ी व गड़ासा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। आरोपितों ने जब दूसरी बार बच्चे के साथ गलत काम किया तो गांव के एक युवक ने उसकी मां को बताया। तब बच्चे से पूछताछ हुई तो उसने घटना बताई। पीड़ित की मां की तहरीर पर सोरांव पुलिस ने दो नाबालिग लड़कों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए तलाश तेज कर दी है।
बताया गया है कि सोरांव थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाला एक व्यक्ति कचहरी में काम करता है। उसका सात साल का बेटा निजी स्कूल में दूसरी कक्षा का छात्र है। बच्चे की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के दो लड़के पांच दिन पहले उसके बेटे को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गए। इसके बाद दोनों ने कुकर्म किया। बच्चे को कुल्हाड़ी व गड़ासा दिखाकर धमकाया कि इस बारे में किसी को बताने पर जान से मार दिया जाएगा। भयभीत बच्चे ने किसी को कुछ नहीं बताया। इसका फायदा उठाकर आरोपितों ने फिर से बच्चे के साथ गलत काम किया। गांव के एक व्यक्ति से जानकारी मिलने पर मां और पिता ने पूछताछ की तो उसने पूरी घटना बयां कर दी। इंस्पेक्टर सोरांव केशव वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।
