Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

सीडीओ हर्षिका सिंह एवं पूर्व आईएएस डॉ. आर.एस. वर्मा की उपस्थिति में भव्य रोजगार मेला एवं एलुमनी मीट सम्पन्न

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। गुरुवार को विकास भवन के सरस सभागार में दिव्यांग सशक्तिकरण एवं आजीविका मिशन के क्षेत्र में कार्यरत TRRAIN Trust द्वारा एलुमनी मीट एवं रोजगार मेला का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी, प्रयागराज हर्षिका सिंह रहीं तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. आर. एस. वर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि का स्वागत रुमाना परवीन द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया तथा TRRAIN Trust के क्षेत्रीय प्रबंधक सागर लिटिल द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं विपिन कुमार कुशवाहा द्वारा विशिष्ट अतिथि डॉ. आर. एस. वर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प का कोई विकल्प नहीं होता है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की ऊँचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं, आवश्यकता है सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास की।
विशिष्ट अतिथि डॉ. आर. एस. वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि जब दिव्यांगजन नोबेल पुरस्कार प्राप्त कर सकते हैं और अरुणिमा सिन्हा जैसे उदाहरण माउंट एवरेस्ट को फतह कर सकते हैं, तो दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं है।
कार्यक्रम में सहायक जिला पंचायतराज अधिकारी बृजेश मौर्य, अपराध निरोधक समिति के सचिव एवं जेल पर्यवेक्षक संतोष कुमार श्रीवास्तव, मोहम्मद फुरकान, TRRAIN Trust के क्षेत्रीय प्रबंधक सागर लिटिल एवं विपिन कुमार कुशवाहा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
TRRAIN Trust के क्षेत्रीय प्रबंधक ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा दिव्यांग युवाओं को “पंख प्रोजेक्ट” के माध्यम से 45 दिवसीय निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। प्रशिक्षण उपरांत युवाओं को रिटेल सेक्टर में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।
इस अवसर पर Amazon, BigBasket, Blinkit, PSN Pvt. Ltd., Cyfuture Pvt. Ltd. सहित अन्य कॉर्पोरेट सेक्टर की कंपनियों के प्रतिनिधि रोजगार हेतु साक्षात्कार (जॉब प्लेसमेंट) के लिए उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन इलाहाबाद विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शोध छात्र संजय यादव द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विपिन कुमार कुशवाहा द्वारा किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad