Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

राज्य विश्वविद्यालय में बैक पेपर में प्रमोट की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन, थाली पीट जताया आक्रोश

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) राज्य विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के छात्रों का गुस्सा एक बार फिर गुरुवार को सड़कों पर दिखा। स्नातक और परास्नातक परीक्षा परिणाम में बड़ी संख्या में छात्रों को बैक और फेल किए जाने से आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।
छात्रों का कहना है कि एक मार्च को जारी परिणाम में असामान्य रूप से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को बैक या फेल कर दिया गया, जिससे उनके शैक्षणिक भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शनकारी छात्रों की मुख्य मांग है कि बैक किए गए विद्यार्थियों को प्रमोट करेें अथवा परिणाम की दोबारा निष्पक्ष समीक्षा कराई जाए।
गुरुवार को प्रतापगढ़, कौशांबी, मीरजापुर, भदोही और फतेहपुर समेत कई जिलों से बड़ी संख्या में छात्र विश्वविद्यालय पहुंचे। करीब दो घंटे तक छात्र परिसर में डटे रहे, लेकिन उनकी शिकायत सुनने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे छात्रों में नाराजगी और बढ़ गई। स्थिति को देखते हुए परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया था। कुलपति प्रोफेसर अखिलेश सिंह ने कहा कि छात्र चुनौती मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय की स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं में अब तक करीब तीन लाख छात्रों का परिणाम घोषित किया जा चुका है। इनमें से लगभग 18 से 20 प्रतिशत यानी करीब 50 हजार छात्र फेल हो गए हैं। अभी करीब दो लाख छात्रों के परिणाम घोषित होने बाकी हैं। परिणामों के सामने आने के बाद कई विषयों में असामान्य रूप से कम पास प्रतिशत को लेकर छात्रों और कॉलेज प्रबंधन दोनों ने सवाल उठाए हैं।
सबसे अधिक खराब परिणाम परास्नातक के विज्ञान विषयों में सामने आए हैं। एमएससी जंतु विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित और वनस्पति विज्ञान में केवल 35 से 48 प्रतिशत छात्र ही पास हो सके हैं। वहीं बीकॉम पांचवें सेमेस्टर में भी मात्र 48 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए हैं। प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की बात करें तो एलएलबी और बीएएलएलबी में भी पास प्रतिशत 38 से 40 के बीच रहा, जिससे लगभग आधे छात्र असफल हो गए। परिणामों को लेकर स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों ने भी कड़ी आपत्ति जताई है।
छात्रों का कहना है कि बीते 13 मार्च को हुए प्रदर्शन के दौरान कुलपति के द्वारा रिव्यू कमेटी गठित की गई थी। कमेटी द्वारा बीते बुधवार को परिणाम घोषित किया गया, जिसमें मात्र 10 प्रतिशत विद्यार्थियों को प्रमोट किया गया है। शेष का भविष्य अधर में है। अन्य छात्रों को भी प्रमोट किया जाए इसी मांग को लेकर आज धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad