प्रयागराज (राजेश सिंह)। दबिश देने जा रही पुलिस की प्राइवेट गाड़ी मंगलवार सुबह रसूलाबाद क्षेत्र में पलट गई। इससे वाहन में सवार तीन दारोगा और एक महिला सिपाही जख्मी हो गए। उन्हें स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि नैनी थाने में दर्ज एक मुकदमे से जुड़े अभियुक्त की पुलिस को तलाश है। मंगलवार की भोर में उसकी लोकेशन शिवकुटी थाना क्षेत्र के रसूलाबाद में मिली। उसे पकड़ने के लिए नैनी थाने के तीन दारोगा और एक महिला सिपाही की टीम प्राइवेट गाड़ी से दबिश देने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में सांड़ आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और फिर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इससे खलबली मच गई।
आसपास के जुटे लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन सभी घायलों को स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है। हालांकि किसी की हालत चिंताजनक नहीं है। डीसीपी यमुनानगर विवेक यादव का कहना है कि गाड़ी अनियंत्रित होकर पलटी थी, जिससे चार पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं।
