राजकीय ममता विद्यालय में मनाया उत्सव, बच्चों को दिए रंग और उपहार
प्रयागराज (जितेंद्र शुक्ल)। सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम ने कौड़िहार स्थित राजकीय ममता विद्यालय, कौड़िहार में 50 विशेष रूप से दिव्यांग बच्चों के साथ होली का उत्सव मनाया। यह विद्यालय दिव्यांग बच्चों के लिए संचालित एक राजकीय संस्थान है, जहां उन्हें उनकी जरूरतों के अनुरूप शिक्षा और प्रशिक्षण दिया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को होली हैम्पर्स वितरित किए गए। इनमें रंग, पिचकारी, गुब्बारे, गुजिया सहित अन्य होली सामग्री और विशेष भोजन के डिब्बे शामिल थे। रोटेरियन्स ने बच्चों के साथ रंग खेलकर, उनसे संवाद कर और उपहार देकर प्रेम, सौहार्द और अपनत्व का संदेश दिया। बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान ने पूरे माहौल को भावुक और आनंदमय बना दिया।
क्लब के अध्यक्ष डॉ. प्रतीक पांडेय ने बताया कि रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम इस विद्यालय का नियमित भ्रमण करेगा और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा पहुंचाना रोटरी का मूल उद्देश्य है।
रोटेरियन अजय शर्मा ने कहा कि इन विशेष बच्चों के साथ होली मनाना बेहद भावुक और संतोष देने वाला अनुभव रहा। क्लब के सचिव संजय तलवार ने आयोजन की सफल व्यवस्था के लिए रोटेरियन उमंग टंडन के प्रति आभार जताया।
मीडिया प्रभारी रोटेरियन मनीष गर्ग ने विद्यालय प्रशासन से बच्चों की आवश्यकताओं की विस्तृत सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि उनकी जरूरतों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा सके।
इस अवसर पर रोटेरियन अपूर्व, जय कुमार, उमंग टंडन और सिकंदर अली सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रशिक्षित शिक्षकों और सहयोगी स्टाफ की सराहना करते हुए क्लब सदस्यों ने कहा कि यह संस्थान बच्चों को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
