लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पूछ एआइ के साथ एमओयू को लेकर गुरुवार को भी हमला बोला। कहा कि भाजपा फर्जी एमओयू करती है। सपा, प्रदेश में हुए सभी एमओयू की पोल खोलने के लिए जांच की मांग करती है। हिटलर के जमाने में जर्मनी में केवल एक प्रोपेगेंडा मिनिस्टर होता था, लेकिन भाजपा सरकार में केंद्र से लेकर प्रदेश तक सभी मंत्री प्रोपेगेंडा मिनिस्टर हैं। सब अपने आपको पीएम (प्रोपेगेंडा मिनिस्टर) समझते हैं।
पार्टी मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता में एलपीजी संकट पर उन्होंने कहा कि मैंने तो अपने घर में दो मिट्टी के चूल्हे बनवा लिए हैं। आने वाले दिनों में खाद का भी संकट खड़ा हो सकता है। विधायक पूजा पाल द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धुरंधर बताए जाने के प्रश्न पर कहा कि हमारे पास पाल समाज के सबसे बड़े नेता के रूप में प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल हैं, उनके पास कोई नहीं।
धुरंधर-2 पर क्या बोले अखिलेश?
इसलिए हमारी विधायक को बहलाकर ले गए, हम इसकी कहां एफआइआर कराएं। अब वे जहां लड़ेंगी, वहां हमारे प्रदेश अध्यक्ष भी पूरी ताकत से लगेंगे। धुरंधर-2 फिल्म को लेकर लखनऊ में सपा के विरुद्ध पोस्टर लगाने के प्रश्न पर कहा कि ऐसी फिल्म के लिए फंडिंग की जा रही है। उन्होंने फिल्म बनाने वालों ने ही डिस्क्लेमर दिया है कि फिल्म काल्पनिक है तो उसे सच क्या मानना।
दादरी की अपनी रैली को लेकर कहा कि वह क्षेत्र हमारी पार्टी के लिए कमजोर माना जाता है, विधान सभा चुनाव में सबसे अच्छा परिणाम उसी क्षेत्र से आएगा। नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर कहा कि 29 को हम वहां उतरने की अनुमति मांगेंगे, इससे हकीकत पता चल जाएगी। सपा प्रमुख ने सम्राट अशोक की जयंती पर उनको नमन किया और कहा कि पार्टी की सरकार बनने पर गोमती रिवरफ्रंट पर सम्राट अशोक मौर्य की सबसे अच्छी प्रतिमा सोने के सिंहासन पर स्थापित कराकर उनको सम्मानित करेंगे।
संसद में ड्रेसकोड की मांग पर किया तंज
सपा प्रमुख ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू द्वारा संसद में ड्रेस कोड की मांग रखे जाने के प्रश्न पर तंज किया। कहा, तो क्या पहनना है? निक्कर पहनकर जाना है क्या? उन्होंने खुद तो निक्कर छोड़ दिया है और पैंट पहनने लगे है। यदि सब भाजपा वाले वही निक्कर पहनें तो हम भी तैयार हैं।
