प्रयागराज (राजेश सिंह)। अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी में कार्यरत 54 वर्षीय इंजीनियर रविंद्र यादव संदिग्ध दशा में लापता हो गए। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कुछ पता नहीं चला तो शंकरगढ़ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। तलाश में जुटी पुलिस ने पाया कि रविंद्र यादव नैनी रेलवे स्टेशन पर ट्रॉली बैग के साथ दिखाई दिए थे। इसके बाद उनका पता नहीं चला। पुलिस मोबाइल की लोकेशन समेत दूसरे माध्यम से खोजबीन कर रही है। उधर, अनहोनी की आशंका से परिवार परेशान है।
बताया गया है कि शंकरगढ़ में आदित्य बिरला ग्रुप की अल्ट्राटेक सीमेंट का प्लांट स्थित है। यहां पर सोनभद्र के अनपरा, रेनूसागर रोड निवासी रविंद्र कुमार यादव इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। वह अकेले कंपनी की कालोनी स्थित आवास में रहते हैं। रविंद्र कुमार एक मार्च 2026 की रात करीब सवा आठ बजे फैक्ट्री से निकले। इसके बाद संदिग्ध दशा में गायब हो गए। उन्होंने अपनी पत्नी से फोन पर बात करते हुए कहा था कि खाना खाने के बाद कमरे पर जा रहे हैं, लेकिन वहां नहीं पहुंचे। अचानक लापता होने से परिवार परेशान हो गया।
खोजबीन के बाद भी नहीं पता चला तो गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। चौकी इंचार्ज पीपीजीसीएल प्रभाकर सिंह का कहना है कि इंजीनियर एक मार्च को ट्रेन पकड़कर नैनी पहुंचे। फिर नैनी से अनपरा जाने वाली ट्रेन में बैठते हुए देखे गए। स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि रात लगभग 10 बजे वह ट्रॉली बैग के साथ प्लेटफार्म पर नजर आए थे। रात करीब साढ़े 10 बजे पत्नी से बात हुई थी। इंस्पेक्टर शंकरगढ़ यशपाल का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। मोबाइल की काल डिटेल सहित अन्य माध्यम से जांच करते हुए तलाश की जा रही है।
