प्रयागराज में सनातन एकता मिशन ने मनाया भव्य होली महोत्सव
प्रयागराज (राजेश सिंह)। संगम नगरी में होली की खुमारी अब परवान चढ़ने लगी है। बालसन चौराहा स्थित सनातन एकता मिशन के महिला प्रकोष्ठ की ओर से शनिवार को सिविल लाइंस के एक प्रतिष्ठित होटल में 'होली मिलन महोत्सव' का शानदार आयोजन किया गया। इस उत्सव में परंपरा, उल्लास और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहाँ महिलाओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर सुख-समृद्धि की मंगलकामना की।
फिल्मी गीतों और भजनों पर थिरकीं महिलाएं
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महिलाओं द्वारा प्रस्तुत किए गए पारंपरिक होली गीत और नृत्य रहे। उत्सव के दौरान पूरा माहौल उस समय भक्ति और आनंद से सराबोर हो गया, जब महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारियों ने "होलिया में उड़े रे गुलाल" और "रंग बरसे भीगे चुनर वाली" जैसे सदाबहार गीतों पर अपनी प्रस्तुति दी। कान्हा की नगरी की याद दिलाते हुए "होली में कान्हा बरसाने आ जइयो" गीत पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया और फूलों की होली खेलकर ब्रज की होली का जीवंत दृश्य उपस्थित कर दिया।
सौहार्द और सनातन एकता का संदेश
महोत्सव के दौरान उपस्थित महिलाओं ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर होली की अग्रिम बधाई दी। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि होली का त्यौहार केवल रंगों का मेल नहीं, बल्कि आपसी कटुता को भुलाकर प्रेम और भाईचारे के रंग में रंगने का अवसर है। सनातन एकता मिशन के इस मंच ने महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का एक सशक्त माध्यम प्रदान किया है।
इस होली मिलन समारोह को सफल बनाने में महिला प्रकोष्ठ की प्रमुख सदस्यों की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कल्पना पाठक, डॉ. वंदना पाण्डेय, रंजना, कुमुद और पुष्पा, उमा, आंशु, खुशी, सुनीता, मधु और श्रद्धा संध्या, नीलम, साधना, जयंती, विजयलक्ष्मी, रामेश्वरी, राजश्री और सीमा सहित बड़ी संख्या में मिशन से जुड़ी अन्य महिलाएं और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और सामूहिक रूप से जलपान कर उत्सव का आनंद लिया। पूरे आयोजन के दौरान होटल का परिसर रंगों और हंसी-ठिठोली के बीच उत्सव के माहौल में डूबा रहा।

