कौशाम्बी (राजेश सिंह)। जनपद में संदीपनघाट क्षेत्र के एक गांव से लापता युवती के मामले में नया मोड़ सामने आया है। युवती की मां ने एक व्यक्ति पर शादी के इरादे से प्रयागराज में बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाया है। पुलिस ने गुमशुदगी के दर्ज करके युवती व आरोपित की तलाश कर रही है।
संदीपनघाट इलाके की एक महिला ने बताया कि उसकी 22 वर्षीय बेटी 27 मार्च की देर रात घर से अचानक कहीं चली गई। खोजबीन के दौरान उसका पता नहीं चला तो 12 अप्रैल को गुमशुदगी दर्ज कराई। महिला के अनुसार इस बीच पता चला कि प्रयागराज के खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के चकिया निवासी मोनू पुत्र दिलीप बेटी को शादी करने के इरादे से भगा ले गया है।
इसकी जानकारी होने पर महिला को बेटी को लेकर अनहोनी की चिंता सताने लगी। इसकी शिकायत दोबारा पुलिस से की। इस संबंध में सीओ चायल अभिषेक का कहना है कि आरोपित के खिलाफ मुकदमा कायम कर लिया है। युवती और आरोपित की तलाश की जा रही है।
संदीपनघाट क्षेत्र एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि 16 अप्रैल की दोपहर उसकी 18 वर्षीय बेटी बिना बताए कहीं चली गई। काफी खोजबीन के बाद भी बेटी का कुछ पता नहीं चल सका। घटना की शिकायत पर केस दर्ज कर युवती की पुलिस तलाश कर रही है।
सरायअकिल क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि 11 अप्रैल की दोपहर उसकी 15 वर्षीय बेटी संदिग्ध हालत में लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी बेटी का कुछ पता नहीं चल सका। पीड़ित ने अनहोनी की आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा कायम कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
