विजिलेंस की कार्रवाई से कर्मचारियों में मची खलबली
प्रयागराज (राजेश सिंह)। स्वास्थ्य विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार की पोल एक बार फिर खुली है। अब प्रतापगढ़ में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाघराय के ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक बीपीएम अमित कुमार मिश्रा को 50 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। बुधवार को सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) टीम ने प्रतापगढ़ पहुंचकर ट्रैप की कार्रवाई की, जिससे दूसरे कर्मचारियों में खलबली मच गई।
अमित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा लिखा गया है। कुंडा, करैटी रोड समापुर निवासी आरोपित को गुरुवार को एंटी करप्शन कोर्ट में पेश करते हुए अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
बताया गया है बाघराय निवासी एक व्यक्ति ने पीएचसी हरदोपट्टी में सफाई कर्मी पद पर आवेदन किया था। वह आवेदन बीपीएम अमित मिश्रा के पास गया। तब आवेदक से कहा गया कि इस पद पर नौकरी के लिए डेढ़ लाख रुपये लगेगा।
अमित ने 50 हजार रुपये एडवांस और बाकी रकम एक हफ्ते के भीतर मांगा। इससे परेशान आवेदक ने एसपी विजिलेंस कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी। विजिलेंस ने गोपनीय जांच की तो आरोप सही पाए गए। इस पर बुधवार को इंस्पेक्टर विजिलेंस नन्हें राम सरोज के नेतृत्व में गठित टीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाघराय पहुंची और फिर बीपीएम अमित मिश्रा को 50 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ दबोच लिया। इसकी जानकारी होते ही दूसरे कर्मचारियों में खलबली मच गई।
अभियुक्त के खिलाफ विजिलेंस थाने में भ्रष्टाचार का मुकदमा कायम किया गया है। एसपी विजिलेंस ज्ञानवती तिवारी ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई सरकारी अधिकारी, कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो मोबाइल नंबर-9454404859 एवं 9454401866 शिकायत करें। उस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
