Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

ऋषभ पंत-संजीव गोयनका के बीच क्या सबकुछ ठीक नहीं है?

sv news

लखनऊ। आईपीएल में टीम मालिक और खिलाड़ियों के रिश्तों को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। केएल राहुल के बाद ऋषभ पंत के साथ मैदान पर 'विशेष बातचीत' के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के मालिक संजीव गोयनका एक बार फिर सुर्खियों में हैं। बुधवार को दिल्ली से पहला मुकाबला हारने के बाद संजीव गोयनका, जस्टिन लैंगर और ऋषभ पंत के बीच बातचीत का वीडियो प्रसारक ने दिखाया जिसके बाद इंटरनेट मीडिया में एलएसजी के मालिक की आलोचना की जाने लगी।

इससे पहले 2024 में भी गोयनका का लखनऊ के पूर्व कप्तान केएल राहुल के साथ इसी तरह का वीडियो प्रसारित हुआ था, जिसमें उन्होंने टीम के हारने के बाद काफी नाराजगी जताई थी। राहुल की तरह पंत के साथ व्यवहार को लेकर हुई आलोचना के बाद अब गोयनका की ओर से सफाई दी गई। गोयनका ने एक्स पर लिखा, "यह एक लंबा सीजन है और ऐसे पल किसी बड़ी चीज के निर्माण का हिस्सा होते हैं। मुझे अपने कप्तान और टीम पर पूरा भरोसा है। इकाना में आए सभी प्रशंसकों का धन्यवाद। हम और मजबूत वापसी करेंगे, इस सीजन की स्टोरी अभी पूरी नहीं हुई है।"

इतना ही नहीं एलएसजी की ओर से एक वीडियो भी एक्स पर जारी किया गया, जिसमें ऋषभ पंत, लैंगर और गोयनका के बीच काफी खुशनुमा माहौल में बातचीत हो रही है। इस वीडियो के साथ कैप्शन लिखा, जो आप देखते हैं, वो हमेशा सच नहीं होता। यहां मैच के बाद अनफिल्टर्ड वाइव्स हैं, जो कैमरा कट नहीं करता है। हालांकि बताया जा रहा है कि यह वीडियो दोबारा शूट किया गया है। दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। ऋषभ पंत बतौर ओपनर उतरे, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रनआउट हो गए, जिससे टीम उबर नहीं पाई और निर्धारित ओवर भी नहीं खेल सकी।

सूत्रों के मुताबिक, इस मैच के बाद ड्रेसिंग रूम में माहौल तनावपूर्ण हो गया, जहां रणनीति और प्रदर्शन को लेकर गोयनका और पंत के बीच बहस हुई। इस पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन की भी प्रतिक्रिया आई है। वॉन ने एक्स पर लिखा, "टूर्नामेंट में अभी केवल एक ही मैच हुआ है और इसकी कोई जरूरत नहीं थी।"

इकाना में मैच के दौरान चले लात-घूंसे

दिल्ली और लखनऊ के मुकाबले के दौरान इकाना स्टेडियम का एक स्टैंड जंग का अखाड़ा बन गया। इंटरनेट पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दर्शक दीर्घा में दो गुटों के बीच जमकर लात-घूंसे चल रहे हैं। दरअसल, सीट को लेकर दो दर्शकों के बीच पहले धक्का-मुक्की हुई और फिर दोनों एक-दूसरे को लात-घूंसे मारने लगे। करीब 23 सेकेंड के इस वीडियो में दर्शकों के बीच खूब मारपीट होती दिख रही है। इस दौरान पीछे खड़े लोग मार उसे मार कहते हुए भी सुनाई दे रहे हैं। हालांकि, इस दौरान कई पुलिस कर्मी पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह मामला शांत कराया। पुलिस से किसी तरह की लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad