प्रयागराज (राजेश सिंह)। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अब 50 हजार के इनामी गोतस्कर मो. इब्राहिम को गिरफ्तार किया है। वह प्रतापगढ़ से वांछित चल रहा था। अभियुक्त इब्राहिम पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के अहमद असरौली हटवा का निवासी है। उसके खिलाफ प्रतापगढ़ के देल्हूपुर थाने गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा लिखा गया था।
एसटीएफ इंस्पेक्टर जय प्रकाश राय ने बताया कि मो. इब्राहिम अपने कुछ साथियों के साथ गोकशी करता था। कुछ माह पहले उसने प्रतापगढ़ के बरसंडा गांव से गोवंश को चुराकर उनका वध किया था। इसके बाद सिर को नदी में फेंक दिया था और गोमांश बेचने के लिए शरीर उठा ले गया था। उसके संबंध में देल्हूपुर थाने में मुकदमा लिखा गया था।
गिरफ्तारी न होने पर प्रतापगढ़ पुलिस की ओर से अभियुक्त पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसी बीच पता चला कि वांछित अभियुक्त गिरफ्तारी से बचने के प्रयागराज में छिपा हुआ है।
मंगलवार को दारोगा गुलजार सिंह, हेड कांस्टेबल प्रभंजन पांडेय, साजित अली, अनूप, रोहित, अजय और सोनू की टीम ने तेलियरगंज क्षेत्र में घेरेबंदी करके दबोच लिया। इब्राहिम के खिलाफ चित्रकूट, प्रयागराज और प्रतापगढ़ में आठ मुकदमे दर्ज हैं।
