प्रयागराज (राजेश सिंह)। नीति आयोग भारत सरकार द्वारा आकांक्षात्मक विकासखंड के अंतर्गत चिन्हित 6 सूचकांक के शत प्रतिशत संतृप्तिकरण हेतु 28 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक संपूर्णता अभियान 2.0 चलाया जा रहा है। प्रगति की समीक्षा जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा द्वारा संगम सभागार में की गई ।बैठक में विकासखंड बहरिया और कोरांव में बाल विकास पुष्टाहार के चार सूचकांकों के संबंध में संबंधित विकासखंड के बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारा बताया गया कि सभी 4 सूचकांकों को 14 अप्रैल से पूर्व शतप्रतिशत संतृप्त कर लिया जाएगा । बालिकाओं के शौचालय में विकासखंड बहरिया में 76 प्रतिशत तथा कोराव में मात्र 60% की प्रगति की गई है जिस पर जिलाधिकारी द्वारा अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए सम्बंधित खंड विकास अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि 14 अप्रैल से पूर्व अवशेष सभी शौचालयों को मानक के अनुसार गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करना सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी द्वारा पशुपालन विभाग के पशु टीकाकरण के सूचकांक को भी शतप्रतिशत संतृप्त करने के निर्देश दिए गये। विकासखंड मांडा में भी सभी सूचकांकों को शत प्रतिशत संतृप्त करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि मुख्यमंत्री शोधार्थियों के द्वारा प्रेषित एक्शनेबल पॉइंट को भी संबंधित अधिकारियों द्वारा गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित किया जाना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी एवं संबंधित विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
