Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

महिलाओं की भागीदारी के बिना राष्ट्र का समग्र विकास अधूरा : प्रो. आशीष जोशी

sv news


 सैदाबाद, प्रयागराज (राजेश सिंह)। उच्च शिक्षा विभाग, उ.प्र. शासन के निर्देशानुसार 16 अप्रैल को राजकीय महाविद्यालय, सैदाबाद, प्रयागराज में नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जन-जागरूकता हेतु नारी शक्ति पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं रोवर-रेंजर्स के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आशीष जोशी ने कहा कि “नारी सशक्तिकरण केवल एक विचार नहीं, बल्कि एक सशक्त समाज की आधारशिला है।” उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में सशक्त भागीदारी प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो समाज में संतुलित एवं समावेशी विकास को सुनिश्चित करेगा। प्राचार्य ने आगे कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का सही आकलन वहां की महिलाओं की स्थिति से किया जा सकता है। अतः आवश्यक है कि हम सभी मिलकर ऐसा वातावरण तैयार करें, जहाँ महिलाओं को समान अवसर, सम्मान एवं सुरक्षा प्राप्त हो। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपेक्षा की कि वे जागरूक नागरिक के रूप में इस संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पदयात्रा को प्राचार्य प्रो. आशीष जोशी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पदयात्रा में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पदयात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं ने आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को अधिनियम के प्रावधानों एवं उसके महत्व से अवगत कराया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने महिला सशक्तिकरण से संबंधित प्रभावशाली नारे लगाए तथा हाथों में तख्तियां लेकर जनजागरूकता का व्यापक प्रसार किया। पदयात्रा में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी, स्थानीय महिला जनप्रतिनिधि, रोवर-रेंजर्स एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की, जिससे कार्यक्रम अत्यंत प्रभावी एवं सफल रहा। राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के प्रभारी डॉ. मारुति शरण ओझा एवं डॉ. अजय यादव तथा रोवर प्रभारी डॉ. नीरज कुमार सिंह एवं रेंजर्स प्रभारी डॉ. विशालाक्षी सिंह ने पदयात्रा के सफल संचालन में सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर महाविद्यालय परिवार की ओर से सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad