प्रयागराज (राजेश सिंह)। करेली इलाके में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीन हमलावरों ने इरफान नाम के युवक को गोली मारी और निकल भागे। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और जख्मी इरफान को पास के प्राइवेट अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया गया है कि करेली थाना क्षेत्र के ऐनुद्दीनपुर में रहने वाले मोहम्मद इरफान प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। बुधवार शाम वह घर से करीब दो सौ मीटर दूर गौसनगर में नौशाद डिस वाले के पास एक चाय की दुकान पर मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान तीन बाइक से पांच-छह नकाबपोश बदमाश आए और इरफान पर फायर झोंक दिया।
इरफान की उम्र 45 साल है। उसके पिता का नाम लाला मोहम्मद है। इरफान बिस्मिल्लाह चौराहा मक्का मस्जिद के पास का रहने वाला है। बताते हैं कि इरफान घर के पास पैदल जा रहा तभी तीन हमलावरों ने उसे रोका और गोली मारकर निकल भागे। घटना की खबर पाकर पुलिस अधिकारी पहुंच गए हैं। इरफान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हमलावरों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
पुराने शहर के करेली इलाके में सरेआम हत्या की जांच को करेली पुलिस के साथ एसओजी पहुंची है। एसओजी ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की है। करेली पुलिस इरफान के घरवालों का बयान ले रही है। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल का मुआयना कर रही है। फिलहाल अभी तहरीर नहीं दी गई है।
एडिशनल डीसीपी राजकुमार मीणा घटनास्थल पर पहुंचे हैं। उनका कहना है कि जमीन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। हालांकि एक और विवाद पता चला है जो किसी की शादी लगाने को लेकर है। घरवालों से बातचीत की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।

