Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

प्रयागराज नगर निगम में 10 आश्रितों को नौकरी

sv news

मेयर गणेश केसरवानी ने बांटे नियुक्ति पत्र, परिवारों को मिला रोजगार

प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज नगर निगम में सेवा के दौरान दिवंगत हुए कर्मचारियों के 10 आश्रितों को मंगलवार को नौकरी मिली। मेयर गणेश केसरवानी ने मृतक आश्रित नियमावली-1974 के तहत चयनित इन आश्रितों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

नगर निगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मेयर केसरवानी ने कहा कि नगर निगम अपने कर्मचारियों को परिवार का हिस्सा मानता है। उन्होंने जोर दिया कि सेवा के दौरान किसी कर्मचारी की असामयिक मृत्यु होने पर उनके परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। मेयर ने इस नियुक्ति को नगर निगम की संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक बताया।

नगर आयुक्त के निर्देश पर एक चयन समिति का गठन किया गया था। इस समिति की बैठक में पात्र आश्रितों के नामों पर सहमति बनने के बाद नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की गई। चयनित आश्रितों को सफाई कर्मचारी, चपरासी, चौकीदार और जमादार जैसे पदों पर वेतन मैट्रिक्स लेवल-1 के अंतर्गत नियुक्त किया गया है।

मेयर ने कहा कि नगर निगम कर्मचारियों की मेहनत और सेवा भावना से ही शहर की स्वच्छता और व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होती हैं। उन्होंने नियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की, ताकि शहर की सेवा में उनका योगदान बना रहे।

नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले परिवारों ने मेयर और नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कई आश्रितों ने बताया कि परिवार के कमाने वाले सदस्य के निधन के बाद आर्थिक संकट गहरा गया था, लेकिन अब स्थायी रोजगार मिलने से परिवार को नया सहारा मिला है।

नगर निगम प्रशासन ने बताया कि भविष्य में भी मृतक आश्रित नियमावली के तहत पात्र परिवारों को नियमानुसार लाभ दिया जाता रहेगा। इस दौरान कु. निशा, निर्मला यादव, पूजा देवी, सीमा कुमारी, विरेन्द्र कुमार, पूजा कुमारी, मो. फरजान, ज्वाला, अशोक कुमार और अनिल कुमार सहित कुल 10 आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad