Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

प्रयागराज डाकघर से 65 लाख गायब, पोस्टमास्टर ने जान दी

sv news

लिखा- मेरी मौत का जिम्मेदार खजांची, उसी ने हेरफेर किया

प्रयागराज (राजेश सिंह)।  प्रयागराज में एनसीआर सूबेदारगंज डाकघर के पोस्टमास्टर ने मंगलवार को फांसी लगाकर जान दे दी। उनकी उम्र 55 साल थी। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला। जिसमें लिखा था- खजांची सुरेंद्र कुमार मेरी मौत का जिम्मेदार है। उसी ने 65 लाख रुपए का हेरफेर किया है।

पुलिस ने खजांची के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया गया है। घटना एयरपोर्ट थाना क्षेत्र की देवप्रयाग कॉलोनी की है।

एयरपोर्ट थाना क्षेत्र की देवप्रयाग कॉलोनी में रहने वाले जगदंबा प्रसाद श्रीवास्तव (55) का शव मंगलवार सुबह कमरे में लुंगी के सहारे फांसी पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान कमरे में एक सुसाइड नोट मिला जो उनके शव से कुछ दूर पर ही पड़ा था।

सुसाइड नोट में लिखा था- उन्होंने शनिवार को खाताधारकों से जमा रकम खजांची सुरेंद्र कुमार को सौंप दी थी, लेकिन बाद में वह इससे मुकर गए। खुद को निर्दोष बताते हुए मानसिक दबाव में होने की बात लिखी है। यह भी लिखा कि मेरी मौत के लिए खजांची जिम्मेदार है। उसी ने पैसों को लेकर हेरफेर किया है।

पुलिस के संपर्क करने पर खजांची सुरेंद्र कुमार का कहना है कि शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे इन्वेंट्री आई, लेकिन तब तक कार्यालय बंद हो चुका था। ऐसे में उन्होंने कैश सोमवार को जमा करने को कहा। रविवार को अवकाश था। सोमवार को कार्यालय खुलने पर रकम नहीं आई तो अधिकारियों को जानकारी दी गई और पोस्टमास्टर से संपर्क किया गया।

खजांची ने बताया कि संपर्क करने पर जगदंबा प्रसाद ने जानकारी दी कि वह किसी के अंतिम संस्कार में आए हैं और दोपहर तक लौटेंगे। इस पर कर्मचारी और गार्ड एनसीआर सूबेदारगंज पोस्ट ऑफिस पहुंचे। तीन बजे तक इंतजार भी किया, लेकिन वह नहीं आए और बाद में उनका मोबाइल भी बंद हो गया। इसके बाद क्या हुआ, उन्हें नहीं पता।

डाक विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को सूबेदारगंज डाकघर में करीब 65 लाख रुपये जमा हुए थे, जिन्हें मुख्य डाकघर भेजा जाना था, लेकिन रकम जमा नहीं हुई। इस पर प्रकरण में जांच शुरू करा दी गई है। प्रयागराज मंडल के अधीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए विभागीय कमेटी गठित कर दी गई है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

एयरपोर्ट थाना प्रभारी राजेश उपाध्याय ने बताया कि सुसाइड नोट को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। हैंडराइटिंग मिलान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि सुसाइड नोट की लिखावट मृतक की है या नहीं। परिजनों और कर्मचारियों से पूछताछ जारी है। खजांची के खिलाफ आत्महत्या के लिए उसकसाने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad