प्रयागराज (राजेश सिंह)। नगर निगम के वार्ड संख्या 48 यानी अलोपीबाग में पार्षद पद के उप चुनाव की मतगणना गुरुवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे शुरू हुई। मतगणना तहसीलदार सदर के न्यायालय में हुई। सुबह 11 बजे तक नतीजे आ गए।
अलोपीबाग में पार्षद पद के उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सचिन मिश्रा को विजयश्री मिली। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय प्रत्याशी संतोष कुमार गुप्ता को 220 मतों से पराजित किया। वहीं समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी दीपप्रकाश सोनकर तीसरे स्थान पर रहे। तीन ही प्रत्याशी मैदान में थे।
इस उप चुनाव के लिए मंगलवार यानी पांच मई को मतदान हुआ था। कुल पांच मतदान केंद्रों के 10 बूथों पर वोटिंग हुई थी। सुबह सात बजे शाम पांच तक हुई वोटिंग के दौरान मात्र 22.15 प्रतिशत ही मत पड़े थे।
मतदान के बाद ईवीएम को सदर तहसील में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा करा दिया गया था। उल्लेखनीय है कि वार्ड संख्या 48 अलोपीबाग के पार्षद रहे उमेश चंद्र मिश्र का निधन हो गया था। इसके बाद से यह पद खाली था। इसके लिए उप चुनाव कराया गया है। उमेश चंद्र मिश्र के बेटे सचिन मिश्रा जीत गए।
