प्रयागराज (राजेश सिंह)। शादी का दबाव बनाने पर नाबालिग प्रेमी ने अपनी नाबालिग गर्ल फ्रेंड की हत्या कर दी। गले पर धारदार हथियार से हमला करने के बाद उसको मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शव को मऊआइमा थाना क्षेत्र के हरखपुर स्थित शारदा सहायक नहर की झाड़ियों में छिपा दिया। 15 दिनों के बाद किशोरी की सड़ी गली लाश बरामद हुई है। पुलिस ने प्रेमी को हिरासत में ले लिया है।
मऊआइमा थाना क्षेत्र के हरखपुर स्थित शारदा सहायक नहर की झाड़ियों में एक किशोरी की सड़ी-गली लाश बरामद हुई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन शुरू कर दी है। किशोर की पहचान पुलिस ने कर ली है। वह 15 दिन पहले एक युवक के साथ घर से निकली थी। अपने साथ लाखों रुपये के गहने और नकदी भी लेकर आई थी। आरोपी के खिलाफ मां ने प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। उसी की निशानदेही पर पुलिस ने शव को बरामद किया है।
सरायइनायत थाना क्षेत्र के ग्राम जमुनीपुर निवासिनी एक 17 वर्षीय किशोरी 20 अप्रैल सुबह घर से लाखों रुपये का आभूषण और नकदी लेकर एक युवक के साथ भाग गई थी। इसमें एक महिला की साजिश का भी पता चला था। 21 अप्रैल को गायब किशोरी की माता ने सराय इनायत थाना में बहरिया थाना क्षेत्र के ग्राम जलालपुर निवासी असमित कुमार वर्मा पुत्र सुरेश कुमार वर्मा तथा किशोरी को बहला फुसलाकर का भगाने में सहयोग करने वाली महिला रिया पटेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
आशंका जाहिर की थी कि उसकी बेटी से लाखों रुपये का जेवरात छीनकर अपहरणकर्ता उसकी हत्या कर सकते हैं। बताया गया है कि सरायइनायत पुलिस फोरेंसिक टीम ने बृहस्पतिवार को सुबह एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर मऊआइमा थाना लाई। जहां मऊआइमा पुलिस के सहयोग से ग्राम हरखपुर स्थित शारदा सहायक नहर की झाड़ी से संदिग्ध युवक की निशानदेही पर किशोरी की सड़ी गली लाश बरामद की गई। इस संबंध में एसीपी थरवई अरुण पाराशर ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है।
डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि आरोपी ने स्वीकार किया है उसकी लड़की से काफी पहले से जान पहचान थी और बातचीत होती थी। लड़की हमेशा शादी का दबाव बनाती थी, लेकिन वह शादी नहीं करना चाहता था। जिससे परेशान होकर उसने लड़की को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। 20 अप्रैल को लड़की को उसने फोन करके बुलाया। बाइक पर बैठाकर नहर के पास गया। यहां पर धारदार हथियार से गले पर वार करके हत्या कर दी और लाश को झाड़ियों में छिपा दिया।
