वाराणसी (राजेश सिंह)। हैदरगढ़ में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर शनिवार भोर में हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भिखरा गांव के पास सुबह करीब तीन बजे हुआ, जब तेज रफ्तार इनोवा सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इनोवा के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, इनोवा सवार युवक कैंची धाम दर्शन-पूजन के लिए वाराणसी से निकले थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में गाजीपुर के गैबीपुर निवासी राहुल सिंह (35), चंदौली के मुगलसराय निवासी राहुल कुमार (36), बलिया के रामपुर रसड़ा निवासी सत्यम (38) और ट्रक खलासी गाजीपुर निवासी सूरज यादव (30) की मौत हो गई। वहीं मिर्जापुर के चुनार निवासी चंदन सिंह (35), पंकज सिंह (34) और बलिया के बेला निवासी प्रशांत गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवे किनारे ट्रक खड़ा था, तभी पीछे से आ रही इनोवा अनियंत्रित होकर उसमें घुस गई। आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने या तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
