Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

कोलकाता के 'सौजन्य' अतिथि गृह में शिफ्ट होंगे मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी

sv news

कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी जल्द ही कोलकाता स्थित अपने वर्तमान आवास से अलीपुर के सरकारी अतिथि गृह ‘सौजन्य’ में स्थानांतरित होंगे। राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

दक्षिण कोलकाता के जजेस कोर्ट रोड स्थित ‘सौजन्य’ अतिथि गृह का निर्माण पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान अतिविशिष्ट व्यक्तियों और राजकीय अतिथियों के ठहरने के लिए कराया गया था। वर्ष 2018 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस अतिथि गृह का उद्घाटन किया था।

अब तक कहां ठहरते थे सुवेंदु?

अब तक मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी कोलकाता प्रवास के दौरान शहर के उत्तरी बाहरी इलाके चिनार पार्क स्थित एक अपार्टमेंट में ठहरते थे। भाजपा सरकार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद अब उन्हें अलीपुर स्थित इस सरकारी अतिथि गृह में स्थानांतरित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

सरकारी अधिकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री कार्यालय की आवश्यकताओं और सुरक्षा प्रोटोकाल के अनुरूप ‘सौजन्य’ में जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। हालांकि मुख्यमंत्री के औपचारिक रूप से वहां स्थानांतरित होने की तारीख अभी तय नहीं हुई है। यह अतिथि गृह ममता बनर्जी के आवास से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

कोलकाता में नहीं है मुख्यमंत्री निवास

पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांथी निवासी सुवेंदु अधिकारी पिछले 55 वर्षों में कोलकाता के बाहर से आने वाले पहले मुख्यमंत्री हैं। उल्लेखनीय है कि बंगाल में मुख्यमंत्री के लिए आधिकारिक रूप से कोई निर्धारित सरकारी आवास नहीं रहा है। ममता बनर्जी, बुद्धदेव भट्टाचार्य, ज्योति बसु और सिद्धार्थ शंकर राय समेत सभी पूर्व मुख्यमंत्री कोलकाता निवासी थे और अपने निजी आवास से ही सरकारी कार्य करते थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad